भाजपा के पूर्व केंद्रीय मंत्री राजेन गोहाई असम जातीय परिषद में शामिल

ओपी शर्मा
गुवाहाटी 5 नवंबर 2025/असम.समाचार
असम की राजनीति में एक अहम बदलाव देखने को मिला है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व केंद्रीय मंत्री और चार बार के सांसद रहे राजेन गोहाई बुधवार को क्षेत्रीय दल असम जातीय परिषद (अजाप) में शामिल हो गए। उन्होंने हाल ही में 9 अक्टूबर को भाजपा से इस्तीफा दिया था।
अजाप के अध्यक्ष लुरिनज्योति और महासचिव जगदीश भुइयां की उपस्थिति में आयोजित विशेष कार्यक्रम में राजेन गोहाई को पार्टी की सदस्यता दिलाई गई। इस दौरान पार्टी नेतृत्व ने उनके राजनीतिक अनुभव को संगठन के लिए महत्वपूर्ण बताया।
राजेन गोहाई ने कहा कि उन्होंने ‘‘असम के मूल निवासियों के अधिकार और अस्मिता की रक्षा’’ के उद्देश्य से यह निर्णय लिया है। वहीं, अजाप नेतृत्व ने उनके आगमन को संगठन के लिए मजबूती का संकेत बताया।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि गोहाई का यह कदम प्रदेश की आगामी राजनीतिक समीकरणों पर असर डाल सकता है।




