मारवाड़ी समाज ने धुबड़ी में महान गायक जुबिन गर्ग को दी भावभीनी श्रद्धांजलि

राजा शर्मा
धुबड़ी 20 सितंबर 2025/असम.समाचार
असम के महान गायक एवं जनप्रिय कलाकार जुबिन गर्ग के निधन से समूचे राज्य सहित धुबड़ी शहर में भी गहरा शोक व्याप्त है। शनिवार को धुबड़ी शहर के विभिन्न स्थानों पर लोगों ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
विशेष रूप से धुबड़ी मारवाड़ी समाज के पुरुषों और महिलाओं ने बड़ी संख्या में एकत्र होकर इस अमर कलाकार को नमन किया। समाज के वरिष्ठ सदस्य दिनेश अग्रवाल ने श्रद्धांजलि सभा में भावुक होते हुए कहा,
“यह क्षण हमारे लिए अत्यंत दुखद है। 19 सितंबर की दोपहर अचानक यह समाचार मिला कि असम का सूरज, हमारे प्रिय गायक जुबिन गर्ग, हमेशा के लिए डूब गया। उनकी गायकी ने न सिर्फ असम को, बल्कि पूरे भारत और विश्व को पहचान दिलाई। जब लोग कहते थे कि आपके असम का गायक बहुत अच्छा गाता है, तब हमारा सीना गर्व से चौड़ा हो जाता था। आज ऐसा लग रहा है मानो हमारे प्राण का एक हिस्सा छिन गया हो।”
उन्होंने आगे ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि जुबिन गर्ग जैसे महान कलाकार को प्रभु अपने चरणों में स्थान प्रदान करें।
श्रद्धांजलि सभा में मौजूद सभी लोग नम आंखों से इस महान विभूति को याद करते रहे।




