
विकास शर्मा
बरपेटा रोड, 10 सितम्बर 2025/असम.समाचार
जेसीआई बरपेटा रोड ने जेसीआई वीक के तहत मंगलवार को असम ब्रिलियंट एकेडमी में “राह भविष्य की” नामक करियर ओरिएंटेशन ट्रेनिंग का सफल आयोजन किया। इस प्रशिक्षण का संचालन प्रोविजनल ज़ोन ट्रेनर जेसी ममता बांठिया ने किया, जिसमें करीब 60 छात्रों ने भाग लेकर करियर चयन संबंधी मार्गदर्शन प्राप्त किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जेसीआई बरपेटा रोड की अध्यक्ष जेसी राधिका मोर के स्वागत भाषण से हुआ। डायरेक्टर ट्रेनिंग जेसी दिव्या सराफ ने आयोजन में सक्रिय सहयोग दिया।
सत्र के दौरान प्रशिक्षक ने छात्रों को समझाया कि करियर केवल आय का साधन नहीं, बल्कि जीवन की पहचान है। उन्होंने 5P फ़ॉर्मूला – Passion, Personality, Potential, Purpose और Profile – के ज़रिए करियर चयन की वैज्ञानिक पद्धति समझाई।
छात्रों के लिए “करियर ऑक्शन गेम” सबसे आकर्षक रहा, जिसमें उन्होंने काल्पनिक सिक्कों से अपने सपनों के करियर पर बोली लगाई। साथ ही फिल्म 3 Idiots का एक दृश्य और प्रेरक कहानी “Let the Rabbits Run” भी प्रस्तुत की गई, जिसने छात्रों को अपनी अनूठी क्षमताओं को पहचानने का संदेश दिया।
सत्र का समापन इस प्रेरक संदेश के साथ हुआ – “सही करियर वही है, जहाँ आपका जुनून और आपकी क्षमता मिलती है।”
विद्यालय प्रबंधन ने इस आयोजन को नई पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य की ओर एक सराहनीय कदम बताया। कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन जेसीआई वीक प्रोजेक्ट चेयरपर्सन जेसी स्वाति पाटवारी ने किया।



