अपराध

तेजपुर में पुलिस का बड़ा एक्शन: दो नकाबपोश डकैत पिस्तौल के साथ गिरफ्तार

जयप्रकाश अग्रवाल/असम.समाचार
तेज़पुर 27 जुलाई

तेजपुर पुलिस ने शुक्रवार देर रात परुवा इलाके में ताबड़तोड़ अभियान चलाकर दो नकाबपोश डकैतों को पिस्तौल और मास्क के साथ दबोच लिया। सोनितपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) वरुण पुरकायस्थ को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रातोंरात घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सफीकुल इस्लाम (27), निवासी भोजखोवा चापोरी, तेजपुर और अनारुल इस्लाम (20), निवासी जुरगढ़, तेजपुर के रूप में हुई है। उनके कब्जे से एक .22 बोर की पिस्तौल, दो मास्क और दो मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।

तेजपुर सदर थाने के प्रभारी इंस्पेक्टर भास्करज्योति बेजबरुआ ने बताया कि दोनों नकाबपोश किसी बड़ी डकैती को अंजाम देने की फिराक में थे। “एसएसपी वरुण पुरकायस्थ को जब सूत्रों से यह सूचना मिली, तो तत्काल अभियान शुरू कर आरोपियों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया। मामले की गहन जांच जारी है,” उन्होंने कहा।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दोनों गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है और शहर में हाल ही में हुई वारदातों में उनकी संलिप्तता की जांच भी की जाएगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!