लायंस क्लब इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 322जी के जिलापाल पंकज पोद्दार का गुवाहाटी में भव्य स्वागत
“ऑरलैंडो में शपथ, गुवाहाटी में स्वागत – पंकज पोद्दार बने लायंस डिस्ट्रिक्ट 322जी के नए जिलापाल”

ओमप्रकाश शर्मा
गुवाहाटी, 20 जुलाई (असम.समाचार)
लायंस क्लब इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 322जी के नवनियुक्त जिलापाल पंकज पोद्दार का शनिवार रात अमेरिका के ऑरलैंडो से शपथ ग्रहण कर स्वदेश लौटने पर गुवाहाटी हवाई अड्डे पर भव्य स्वागत किया गया। विभिन्न लायंस क्लबों के पदाधिकारियों और सदस्यों ने पुष्पगुच्छ, फूलाम गमछा और आत्मीयता के साथ उनका अभिनंदन किया।
ज्ञात हो कि 17 जुलाई को ऑरलैंडो (संयुक्त राज्य अमेरिका) में आयोजित भव्य समारोह में लायंस क्लब इंटरनेशनल के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष अरविंदर पाल सिंह ने पंकज पोद्दार को डिस्ट्रिक्ट 322जी के जिलापाल पद की शपथ दिलाई। इस अवसर पर विश्वभर के विभिन्न जिलों से निर्वाचित लायंस पदाधिकारियों ने भी शपथ ग्रहण किया।
लायंस जिला की जनसंपर्क अधिकारी नीरू काबरा ने बताया कि स्वागत समारोह में लायंस अनमोल, लायंस गौहाटी, लायंस उमंग, लायंस केयर, लायंस ग्रेटर, लायंस अर्पण, लायंस गोल्ड, लायंस रूट्स, लायंस साउथ, लायंस प्राइड, लायंस नारंगी, लायंस कैपिटल असम, लायंस आईकॉन, लायंस रिवर व्यू, लियो गौहाटी और लियो साउथ के सदस्य बड़ी संख्या में शामिल हुए।
लायंस परिवार द्वारा मिले इस स्नेहपूर्ण स्वागत से अभिभूत पंकज पोद्दार ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे आने वाले एक वर्ष तक 4,200 लायंस और 800 लियो सदस्यों के साथ मिलकर “प्रणाम से प्राइड” स्लोगन को साकार करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि मानवता, सेवा और सहयोग की भावना को केंद्र में रखकर समाजहित में महत्वपूर्ण कार्य किए जाएंगे।



