राजल बिंदल दादी परिवार, नगांव समिति का द्विवार्षिकोत्सव हर्षोल्लास के साथ संपन्न

डिंपल शर्मा
नगांव 9 जुलाई(असम.समाचार)
राजल बिंदल दादी परिवार, नगांव समिति का बहुप्रतीक्षित द्विवार्षिकोत्सव समारोह रविवार को हैबरगांव तेलियापट्टी स्थित बीआरडी वेंकट हॉल में भक्तिभाव और उल्लासपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत दादीजी के भव्य फूलों से सजे दरबार में पूजा-अर्चना और ज्योत प्रज्वलन से हुई। इसके पश्चात स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत भजन संध्या ने पूरे हॉल को भक्तिमय वातावरण से भर दिया। श्रद्धालु झूमते-गाते नजर आए। भजन कार्यक्रम के पश्चात दादीजी की चालीसा एवं आरती कर प्रथम चरण का समापन किया गया।

द्वितीय चरण में आयोजित वार्षिक सभा की अध्यक्षता गौरीशंकर जाजोदिया ने की। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान संपन्न प्रमुख कार्यक्रमों की जानकारी साझा की। तत्पश्चात सचिव ओमप्रकाश जाजोदिया ने प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जिसे सभा में सर्वसम्मति से पारित किया गया। इस अवसर पर समाज के अनेक गणमान्यजन एवं विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सभा में विशिष्ट सेवाएं देने वाले सदस्यों को “विशिष्ट सेवा सम्मान” एवं “उत्कृष्ट सेवा सम्मान” से नवाजा गया। साथ ही समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं को मोमेंटो व पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया। पत्रकारों, कलाकारों व विशिष्ट व्यक्तियों को पारंपरिक फुलाम गमछा पहनाकर सम्मानित किया गया।
विशेष अतिथि के रूप में पधारे गौहाटी स्थित राजल बिंदल दादी ट्रस्ट बोर्ड के पदाधिकारी रामनिरंजन जाजोदिया एवं सज्जन जाजोदिया ने सभी को आगामी भादव महोत्सव में दादी धाम जुगलपुरा में अधिक संख्या में सम्मिलित होने का आह्वान किया।
सभा के अंत में सत्र 2025-27 के लिए नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई। नवनिर्वाचित अध्यक्ष रतन जाजोदिया, सचिव सुमित सोभासरिया और कोषाध्यक्ष रामगोपाल जाजोदिया को विधिवत पदभार सौंपा गया। नई टीम की घोषणा के साथ ही विभिन्न संगठनों द्वारा नवचयनित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं और सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर निवर्तमान अध्यक्ष गौरीशंकर जाजोदिया ने आयोजन की सफलता के लिए सभी का आभार व्यक्त किया और किसी प्रकार की भूल-चूक के लिए क्षमा याचना की।
इस आशय की जानकारी सचिव ओम प्रकाश जाजोदिया द्वारा दी गई।



