गुवाहाटी में श्रद्धा और भक्ति का संगम, तीन दिवसीय “नानी बाई का मायरा” कार्यक्रम संपन्न

सोनल शर्मा,
गुवाहाटी 20 मई 2026/असम.समाचार
सांवरिया सखी महिला समिति के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय “नानी बाई का मायरा” धार्मिक कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। परशुराम सदन में आयोजित इस भव्य कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्म लाभ प्राप्त किया।
कथावाचक प्रियांशु चैतन्य महाराज ने अपनी मधुर वाणी, भावपूर्ण प्रवचनों और संगीतमय प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। कथा के दौरान भगवान की महिमा, भक्ति, सेवा और संस्कारों पर आधारित प्रसंगों ने उपस्थित भक्तों को भावविभोर कर दिया।

कार्यक्रम की विशेष आकर्षण कोलकाता की सुप्रसिद्ध नृत्य-नाटिका रही, जिसने अपनी मनमोहक प्रस्तुति से श्रद्धालुओं का दिल जीत लिया। भक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
कार्यक्रम में विभिन्न दिनों में अनेक श्रद्धालु परिवारों ने यजमान के रूप में सहभागिता निभाई। पहले दिन मंजू पारीक, पुष्पा मित्तल, सरोज मित्तल एवं कांता मित्तल ने यजमान की भूमिका निभाई, जबकि दूसरे दिन उषा जालान, रेनू अग्रवाल, नीलम जालान, विनीता शर्मा, सरला काबरा एवं सुमित्रा काबरा ने धार्मिक आयोजन में सहभागिता की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में अपर्णा मोदी, रेनू मोदी, ममता अग्रवाल, आशा चौधरी, सरोज रूंगटा एवं सरिता जालान सहित समिति की सभी सदस्यों का विशेष योगदान रहा। तीन दिनों तक परशुराम सदन में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और उत्साह देखने को मिला।
सांवरिया सखी समिति गुवाहाटी की ओर से सभी भक्तों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया गया।


