तेजपुर के वरिष्ठ कांग्रेस नेता माधुर्य गोस्वामी भाजपा में शामिल
तेजपुर के राजनीतिक गलियारों में हलचल, भाजपा कार्यकर्ताओं की मिली-जुली प्रतिक्रिया

जयप्रकाश अग्रवाल
तेजपुर, 16 जुलाई (असम.समाचार)
तेजपुर के वरिष्ठ कांग्रेस नेता, अधिवक्ता और असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व उपाध्यक्ष माधुर्य गोस्वामी ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। वृहस्पतिवार को गुवाहाटी में आयोजित एक विशेष पार्टी कार्यक्रम के दौरान उन्होंने भाजपा की सदस्यता ली।
इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया, मुख्यमंत्री डॉ. हेमंत विश्व शर्मा, केंद्रीय मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनवाल सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
माधुर्य गोस्वामी लंबे समय तक कांग्रेस के निष्ठावान कार्यकर्ता के रूप में सक्रिय रहे हैं। उनकी मधुर भाषा, मिलनसार स्वभाव और जनसेवा की छवि के कारण वे तेजपुर के लोगों के बीच खासे लोकप्रिय रहे हैं। अधिवक्ता के रूप में भी उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है।
उनके भाजपा में शामिल होने की खबर से तेजपुर के कुछ जागरूक नागरिकों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। वहीं दूसरी ओर, आगामी अंगामी विधानसभा चुनाव से ठीक पहले हुए इस राजनीतिक परिवर्तन को लेकर तेजपुर भाजपा के पुराने और नए कार्यकर्ताओं के बीच मिश्रित प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
कुछ लोगों ने इसे पार्टी की मजबूती की दिशा में उठाया गया सकारात्मक कदम बताया, जबकि कुछ कार्यकर्ताओं ने इसे असमंजस और मौके पर आधारित निर्णय करार दिया।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि गोस्वामी की भाजपा में मौजूदगी तेजपुर और आसपास के इलाकों में पार्टी की पकड़ को और मजबूत कर सकती है।
अब यह देखना दिलचस्प होगा कि माधुर्य गोस्वामी अपने नए राजनीतिक मंच पर किस प्रकार की भूमिका निभाते हैं और आगामी विधानसभा चुनावों में उनकी रणनीति क्या रूप लेती है।