धुबरी पहुंचे अभिभावक मंत्री अशोक सिंघल, महामाया मंदिर में पूजा-अर्चना कर गुरुद्वारा साहिब में टेका मत्था

राजा शर्मा,
धुबरी, 11 जून 2026/असम.समाचार
असम सरकार के मंत्री एवं धुबरी तथा दरंग जिलों के नव नियुक्त अभिभावक मंत्री अशोक सिंघल ने अपने धुबरी दौरे के दौरान पहली बार महामाया मंदिर में पूजा-अर्चना की तथा धुबरी साहिब स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु तेग बहादुर साहिब में मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं विकास के लिए अरदास की। इस अवसर पर उन्होंने गुरुद्वारे के इतिहास और धार्मिक महत्व की जानकारी भी प्राप्त की।
गुरुद्वारा परिसर में मीडिया से बातचीत करते हुए मंत्री अशोक सिंघल ने कहा कि धुबरी साहिब गुरुद्वारा एक अत्यंत पवित्र स्थल है, जहां सिखों के नौवें गुरु गुरु तेग बहादुर गुरु तेग बहादुर ने कई वर्षों तक तपस्या की थी। उन्होंने कहा कि गुरु तेग बहादुर जी शौर्य, त्याग, पराक्रम और धर्म रक्षा के प्रतीक हैं। उनके बलिदान ने भारतीय इतिहास में अमिट छाप छोड़ी है। इस पवित्र भूमि पर आकर स्वयं को धन्य महसूस कर रहा हूं।

धुबरी जिले के अभिभावक मंत्री के रूप में अपनी प्राथमिकताओं पर बोलते हुए अशोक सिंघल ने कहा कि वह सबसे पहले जिले के लोगों से मिलकर उनकी अपेक्षाओं और समस्याओं को समझेंगे। साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों और कमियों की समीक्षा करेंगे। उन्होंने कहा कि धुबरी को विकास की दौड़ में पीछे नहीं रहने दिया जाएगा और जिले को भी असम के अन्य जिलों की तरह समान गति से आगे बढ़ाया जाएगा।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री की सोच राज्य के समग्र विकास की है और उसी दृष्टिकोण के तहत धुबरी जिले के विकास को भी प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और जनता के सहयोग से धुबरी विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।
इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, भाजपा एवं सहयोगी दलों के कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।



