
ओपी शर्मा
गुवाहाटी, 26 सितंबर 2025/असम.समाचार
फैंसी बाजार स्थित कामरूप चेंबर ऑफ कॉमर्स (केसीसी) के कार्यालय में शुक्रवार की शाम वयोवृद्ध व्यवसायी एवं समाजसेवी स्वर्गीय सुंदरलाल छाबड़ा (जैन) की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर केसीसी के अध्यक्ष महावीर जैन, उपाध्यक्ष कैलाश काबरा, कोषाध्यक्ष सीताराम बिहानी, सुरेश जैन, ललित धानुका, पुखराज पांड्या, जयसिंह घोड़ावत, बिष्णु डिडवानीया, रमेश राठी सहित बड़ी संख्या में सदस्यों ने उपस्थित होकर दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। सभा के दौरान दो मिनट का मौन रखकर स्वर्गीय छाबड़ा के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया।
शोकसंतप्त परिवार की ओर से उनके पुत्र तथा चेंबर के महासचिव निर्मल जैन, राजीव जैन और संजीव जैन भी इस अवसर पर मौजूद रहे।
सभा के दौरान गल्लापट्टी के कई वरिष्ठ व्यापारियों ने स्वर्गीय छाबड़ा के साथ पिछले छह दशकों से जुड़े अपने व्यावसायिक, सामाजिक और धार्मिक अनुभवों को साझा करते हुए उन्हें एक दूरदर्शी व्यापारी, सरल स्वभाव के समाजसेवी और प्रेरणास्रोत के रूप में याद किया।
स्वर्गीय सुंदरलाल छाबड़ा के योगदान को स्मरण करते हुए उपस्थित सदस्यों ने कहा कि उन्होंने न केवल व्यापार जगत में महत्वपूर्ण स्थान बनाया, बल्कि सामाजिक सरोकारों में भी अपनी सक्रिय भूमिका निभाई।




