नगांव में दीपों की लौ संग झिलमिलाई जुबीन की याद, क्लॉक टावर से गली-मोहल्लों तक उमड़ा सैलाब, हर संस्था ने अपने अंदाज़ में दी श्रद्धांजलि

डिंपल शर्मा
नगांव 19 सितंबर 2025/असम.समाचार
विश्व प्रसिद्ध लोकप्रिय गायक जुबीन गर्ग के असामयिक निधन से जहां समूचा असम गमगीन है, वहीं नगांव भी शोक की लहर से अछूता नहीं रहा। शहर की गलियों में चाहने वालों की आंखें नम थीं और हाथों में मोमबत्तियां। जगह-जगह जुबीन गर्ग के चित्र सजाकर दीप जलाए गए, मानो पूरा नगर संगीत सम्राट को अपने स्नेह की रोशनी अर्पित कर रहा हो।
क्लॉक टावर के समीप आयोजित श्रद्धांजलि सभा में सैकड़ों युवाओं संग हर वर्ग के लोग उमड़े। स्वर-साम्राज्य के इस कलाकार को अंतिम प्रणाम देने के लिए मानो पूरा नगांव ठहर गया। शहर की विभिन्न संस्थाओं ने भी अपने-अपने ढंग से कार्यक्रम कर जुबीन की अमर धुनों को याद किया।
नगांव ने यह जता दिया कि जुबीन सिर्फ गायक नहीं, हर दिल की धड़कन थे और उनकी यादें दीपों की तरह हमेशा जगमगाती रहेंगी।




