मारवाड़ी सम्मेलन महिला शाखा गुवाहाटी द्वारा दिवाली मेले का भव्य आयोजन

सोनल शर्मा
गुवाहाटी 4 अक्टूबर 2025/असम.समाचार
मारवाड़ी सम्मेलन महिला शाखा गुवाहाटी की ओर से अध्यक्ष श्रीमती संतोष शर्मा के नेतृत्व में परशुराम भवन में दिवाली मेले का भव्य और सफल आयोजन किया गया। मेले में लगभग 32 स्टॉल लगाए गए, जिनमें कोलकाता, सिलीगुड़ी और गुवाहाटी से आई महिलाओं ने आकर्षक और विविध प्रकार के सामानों की प्रदर्शनी की।
मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रांतीय अध्यक्ष कैलाश काबरा ने गणेश जी के समक्ष दीप प्रज्वलित कर एवं फीता काटकर किया। इस अवसर पर प्रांतीय महामंत्री रमेश चांडक, कोषाध्यक्ष दिनेश गुप्ता, पंकज पोद्दार, मारवाड़ी सम्मेलन गुवाहाटी मेट्रो के अध्यक्ष अमित कंसल सहित अनेक विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की प्रायोजक श्रीमती कमला लाटा, श्रीमती अंजू पुजारी, श्रीमती इंदिरा पिंचा एवं श्रीमती ज्योति जालान रहीं। अतिथियों का स्वागत पारंपरिक असमीया गमछा पहनाकर एवं उपहार भेंट कर किया गया।
मुख्य अतिथि कैलाश काबरा ने महिला शाखा को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि “गुवाहाटी महिला शाखा अत्यंत सशक्त और सक्रिय शाखा है, जो हर कार्य को जागरूकता और एकजुटता के साथ करती है।” अन्य अतिथियों ने भी शाखा को शुभकामनाएं दीं और उनके प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम की संयोजिकाएँ उपाध्यक्ष श्रीमती रश्मि जैन, श्रीमती बिंदु मोहता, श्रीमती सुनीता चांडक और श्रीमती राजश्री कुचेरिया के अथक प्रयासों से यह आयोजन बेहद सफल रहा। मेले में हर एक घंटे के अंतराल पर लकी ड्रॉ का आयोजन किया गया, जिससे खरीददारों का उत्साह लगातार बना रहा।
शाखा की सभी कार्यसमिति सदस्याएँ एक समान रंग की साड़ियों में सजी-धजी मौजूद थीं, जिससे मेले की रौनक और भी बढ़ गई।
सलाहकार मंडल की सदस्याएँ श्रीमती सरला काबरा, श्रीमती वंदना सोमानी, श्रीमती इंदिरा जिंदल एवं श्रीमती शारदा केडिया के साथ-साथ मंत्री श्रीमती मंजू भंसाली, कोषाध्यक्ष श्रीमती शांति कुंडलिया और अन्य कार्यसमिति सदस्यों की सक्रिय भागीदारी रही।
उत्साह और उमंग से भरा यह दिवाली मेला देर शाम तक चलता रहा।
यह जानकारी शाखा की जनसंपर्क अधिकारी श्रीमती विद्या कुंडलिया ने दी।




