ज़ुबिन गर्ग की याद में सादगीपूर्ण दीपावली मनाएगा राजस्थान फाउंडेशन
यह विचार राजस्थान फाउंडेशन (असम एवं नॉर्थ चैप्टर) के अध्यक्ष रतन शर्मा के साथ चर्चा के दौरान आया। शर्मा ने सुझाव दिया कि ज़ुबिन गर्ग की स्मृति में आतिशबाज़ी के बजाय प्रतीकात्मक दीप प्रज्वलन किया जाए।

ओपी शर्मा
(फ़ाइल फ़ोटो)
गुवाहाटी, 18 अक्टूबर 2025/असम.समाचार
असम के लोकप्रिय गायक ज़ुबिन गर्ग के असामयिक निधन के बाद इस बार दीपावली सादगीपूर्वक मनाने का निर्णय लिया गया है। फ्रेंड्स क्लब की पहल पर राजस्थान फाउंडेशन (असम एवं नॉर्थ चैप्टर) के सहयोग से ‘दीपुज्ज्वल श्रद्धांजलि’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम 19 अक्टूबर, रविवार को फैंसी बाज़ार चौक पर आयोजित किया जाएगा। फ्रेंड्स क्लब के संयोजक रवि मिश्रा ने बताया कि इस वर्ष दीपावली के दौरान किसी प्रकार की आतिशबाज़ी नहीं की जाएगी। यह निर्णय ज़ुबिन गर्ग के प्रति सम्मान और श्रद्धा के रूप में लिया गया है।
मिश्रा ने बताया कि यह विचार राजस्थान फाउंडेशन (असम एवं नॉर्थ चैप्टर) के अध्यक्ष रतन शर्मा के साथ चर्चा के दौरान आया। शर्मा ने सुझाव दिया कि ज़ुबिन गर्ग की स्मृति में आतिशबाज़ी के बजाय प्रतीकात्मक दीप प्रज्वलन किया जाए।
इस पहल के तहत फ्रेंड्स क्लब और राजस्थान फाउंडेशन मिलकर फैंसी बाज़ार के मुख्य चौक पर सामूहिक दीप प्रज्वलन करेंगे। रवि मिश्रा ने नागरिकों से अपील की है कि वे जाति, धर्म और समुदाय से परे होकर इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल हों और दीप जलाकर इस प्रिय कलाकार को सामूहिक श्रद्धांजलि अर्पित करें।





