असम धर्मशाला के अध्यक्ष बने सुशील गोयल, शंकर बिड़ला फिर सचिव नियुक्त

विकास शर्मा,
गुवाहाटी, 10 मई 2026/असम.समाचार
समाज सेवा एवं धार्मिक गतिविधियों के प्रमुख केंद्र असम धर्मशाला के आगामी तीन वर्षीय कार्यकाल (2026-2029) के लिए नई कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। संस्था की आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में सर्वसम्मति से सुशील गोयल को अध्यक्ष निर्वाचित किया गया। वहीं उनकी अनुभवी कार्यशैली और संगठनात्मक दक्षता को देखते हुए शंकर बिड़ला को पुनः सचिव पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पदभार ग्रहण करने के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष सुशील गोयल तथा सचिव शंकर बिड़ला ने समाज सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि आगामी दो से तीन दिनों के भीतर नई कार्यकारिणी का विस्तार कर ऊर्जावान एवं सेवाभावी सदस्यों को टीम में शामिल किया जाएगा, ताकि संस्था की गतिविधियों को और अधिक गति मिल सके।
बैठक में बताया गया कि असम धर्मशाला वर्ष 2000 से बिहार के हरखाड़ (गुढियारी) में सावन माह के दौरान नि:शुल्क सेवा शिविर का आयोजन करती आ रही है। इस शिविर में सुल्तानगंज से जल लेकर देवघर जाने वाले लाखों पैदल कांवड़ियों के लिए विश्राम, नींबू चाय, नींबू पानी, चिकित्सा एवं मालिश सेवा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। नई कार्यकारिणी ने इस वर्ष शिविर को और अधिक भव्य एवं सुविधायुक्त बनाने का संकल्प लिया है।
संस्था के सदस्यों ने विश्वास व्यक्त किया कि सुशील गोयल के नेतृत्व और शंकर बिड़ला के अनुभव से आगामी कार्यकाल में असम धर्मशाला सेवा एवं संस्कार के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगी।
समाज के गणमान्य नागरिकों एवं संस्था के शुभचिंतकों ने नई टीम को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी हैं।


