असम

तामुलपुर में वृक्षारोपण से शुरू होगा मतदान,30 महिला दलों के संचालन में आयोजित होगा “सेउज चुनाव”

ओपी शर्मा

तामुलपुर, 12 सितम्बर 2025 /असम.समाचार

आगामी 22 सितम्बर को होने वाले बोडोलैंड परिषद् चुनाव को लेकर तामुलपुर जिला प्रशासन ने इस बार एक अनूठी पहल की है। प्रशासन ने चुनाव का मुख्य विषय “सेउज चुनाव” यानी हरित चुनाव रखा है।

जिले के कुल 395 मतदान केंद्रों में हर मतदान की शुरुआत वृक्षारोपण से की जाएगी। खास बात यह होगी कि 30 मतदान केंद्रों का संचालन पूरी तरह से महिलाओं के हाथों में होगा, जहां 140 महिला अधिकारी इस जिम्मेदारी को निभाएंगी। इन केंद्रों को विशेष रूप से हरे परिधानों और सजावट से सुसज्जित किया जाएगा, ताकि मतदाताओं में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश पहुँचे।

इसके अलावा, चुनावी प्रबंधन और प्रचार-प्रसार के दौरान प्रदूषण कम करने के उद्देश्य से प्लास्टिक की थैलियों, बैनरों और अन्य प्लास्टिक सामग्री के उपयोग को न्यूनतम करने का निर्णय लिया गया है। प्रशासन ने इस दिशा में शिलघाट के पटशन उद्योग से संपर्क कर पर्यावरण-हितैषी चुनावी सामग्री की आपूर्ति सुनिश्चित की है।

जिला प्रशासन ने सभी राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों से अपील की है कि वे अपने चुनावी प्रचार कार्य में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का विशेष ध्यान दें। पहली बार आयोजित किए जा रहे इस “सेउज चुनाव” को लेकर प्रशासन ने उम्मीद जताई है कि सभी पक्ष इसे सफल बनाने में सहयोग देंगे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!