Blogअसमधर्म और आस्था

नगांव:भादवा अमावस्या पर सजेगा दादी जी का दरबार, दो दिन गूंजेंगे भजनों के स्वर

डिंपल शर्मा,

नगांव, 8 सितंबर 2026/असम.समाचार(फ़ाइल फ़ोटो)

भादवा अमावस्या के पावन अवसर पर नगांव में इस बार भक्ति की ऐसी बयार बहने वाली है, जिसमें भजनों के सुर होंगे, मंगल पाठ की गूंज होगी और दादी भक्तों की आस्था का रंग चढ़ेगा। श्री राणी सती जी सत्संग समिति, नगांव के तत्वावधान में दो दिवसीय दादी जी महोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।

हैबरगांव स्थित शनि मंदिर रोड के श्री हनुमान जन्मोत्सव समिति भवन में आयोजित होने वाले इस दो दिवसीय महोत्सव को लेकर समिति के सदस्यों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजन स्थल को सजाने-संवारने के साथ ही भक्तों के स्वागत की तैयारियां भी अंतिम दौर में हैं।

समिति के भक्त मुकेश पोद्दार ने बताया कि महोत्सव के पहले दिन 10 सितंबर, गुरुवार को शाम 6:30 बजे से भजन संध्या का आयोजन होगा। इस दौरान सिलीगुड़ी से आमंत्रित कलाकारों की चर्चित जोड़ी आयुष-पियूष दादी जी के भजनों की प्रस्तुति देगी। माना जा रहा है कि भजनों के साथ पूरा वातावरण भक्तिमय रंग में रंग जाएगा।

महोत्सव के दूसरे दिन 11 सितंबर, शुक्रवार को मंगल पाठ का आयोजन होगा। महाराष्ट्र से आमंत्रित कलाकार सुश्री नेतल शर्मा संगीतमय मंगल पाठ की प्रस्तुति देंगी। मंगल पाठ के दौरान दादी भक्तों के श्रद्धा और भक्ति से जुड़ने की विशेष तैयारी की गई है।

दो दिनों तक चलने वाले इस आयोजन को लेकर समिति के सदस्यों में उत्साह चरम पर है। समिति की ओर से नगांव सहित आसपास के क्षेत्रों के सभी दादी भक्तों को सपरिवार महोत्सव में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया है।

भादवा अमावस्या पर नगांव में होने वाला यह आयोजन भक्ति, संगीत और सामूहिक आस्था का ऐसा संगम बनने जा रहा है, जहां दादी के दरबार में सुर भी होंगे और श्रद्धा भी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!