‘कड़वा’ नीम और मीठा बवाल: जब मंत्री जी की बेटी ने उछाला पीएम पर विवादित नारा!

ब्यूरो डेस्क,
गुवाहाटी 25 जुलाई 2026/असम.समाचार
असम की राजनीति में इन दिनों कड़वाहट ज़रा ज़्यादा ही घुल गई है, और इसका कारण नीम की पत्तियाँ नहीं, बल्कि गूंजा एक विवादित नारा है!
गुवाहाटी के चाचाल मैदान में चल रहा नीट-यूजी धांधली विरोधी प्रदर्शन उस वक्त अचानक ‘अति-गर्म’ हो गया, जब मंच से एक ऐसा नारा उछला जिसने सीधे दिल्ली तक सरगर्मी बढ़ा दी। प्रदर्शन के दौरान गूंजा— “नीम का पत्ता कड़वा है…” और आगे का शब्द ऐसा कि शरीफ़ों की महफ़िल में सन्नाटा पसर जाए!
चौंकिए मत, यह नारा किसी आम प्रदर्शनकारी ने नहीं, बल्कि असम के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री और एजीपी (AGP) नेता केशब महंता की बिटिया रानी, दिबीसा महंता की ज़ुबान से निकला था। ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के झंडे तले केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े की मांग हो रही थी, लेकिन दिबीसा का यह तीखा बोल सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निशाने पर ले बैठा।
वीडियो वायरल, अकाउंट ‘गायब’!
जैसे ही इस नारेबाज़ी का वीडियो सोशल मीडिया के गलियारों में पहुँचा, इंटरनेट पर मानो भूचाल आ गया। लोग कहने लगे— “विरोध का यह कौन सा तरीका है जनाब?” चारों तरफ से थू-थू हुई, तो मैडम ने बिना देर किए अपना सोशल मीडिया अकाउंट ही ‘डिलीट’ कर दिया।
जब पत्रकारों ने इस ‘कड़वे सच’ पर मंत्री जी और उनकी सुपुत्री का पक्ष जानने के लिए फोन मिलाया, तो दोनों का फोन “नॉट रीचेबल” ही आता रहा।
खैर, नीम की कड़वाहट तो सेहत के लिए अच्छी मानी जाती है, लेकिन सियासी गलियारों में उछाला गया यह कड़वा नारा किसके लिए कितना भारी पड़ेगा, यह तो आने वाला वक्त ही बताएगा!
फ़ोटो-थर्ड पार्टी



