Blogअसमअसम.समाचार(स्पेशल)एक्सक्लूसिव खबरेंथर्ड आईराजस्थानराष्ट्रीयलेटेस्ट खबरेंशिक्षासामाजिक

टंगला में मारवाड़ी सम्मेलन की 117वीं शाखा का गठन

“हर घर सम्मेलन–घर-घर सम्मेलन” अभियान को मिली नई मजबूती

सोनल शर्मा,

टंगला  30 मई 2026/असम.समाचार

पूर्वोत्तर प्रदेशीय मारवाड़ी सम्मेलन के संगठन विस्तार अभियान को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। सम्मेलन के प्रांतीय अध्यक्ष कैलाश काबरा, प्रांतीय सलाहकार रमेश अग्रवाल (चौधरी) तथा प्रांतीय संगठन मंत्री मनोज काला के नेतृत्व में टंगला में सम्मेलन की 117वीं शाखा का विधिवत गठन किया गया। इस अवसर पर समाजबंधुओं के साथ संवाद स्थापित कर संगठन की गतिविधियों, योजनाओं एवं सामाजिक सरोकारों पर विस्तार से चर्चा की गई।

दौरे के प्रथम चरण में प्रतिनिधिमंडल ने गोरेश्वर शाखा का भ्रमण किया, जहां शाखाध्यक्ष सागरमल अग्रवाल की उपस्थिति में एक अनौपचारिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य बिजय अग्रवाल, आनंद जैन, संजय सुराणा, मणिशंकर चौधरी, चांदमल चौधरी, संकी अग्रवाल सहित अनेक समाजबंधु एवं शाखा सदस्य उपस्थित रहे। इस दौरान शाखा द्वारा संचालित और प्रस्तावित सामाजिक गतिविधियों पर विचार-विमर्श किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रांतीय अध्यक्ष कैलाश काबरा ने हाल ही में मोरानहाट में आयोजित प्रांतीय कार्यकारिणी बैठक एवं प्रांतीय सभा की जानकारी साझा की। उन्होंने गुवाहाटी में निर्माणाधीन मारवाड़ी सम्मेलन छात्रावास परियोजना की प्रगति से भी सभी को अवगत कराया तथा समाज के लोगों से सहयोग एवं सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

इसके बाद प्रतिनिधिमंडल टंगला पहुंचा, जहां क्षेत्र के प्रमुख समाजसेवी गिरीराज व्यास, सुशील महेश्वरी एवं अन्य स्थानीय समाजबंधुओं के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में सम्मेलन के उद्देश्यों, सामाजिक एकता, सेवा कार्यों तथा समाज हित में संगठन की भूमिका पर विस्तृत चर्चा हुई। विचार-विमर्श के उपरांत एक तदर्थ समिति का गठन किया गया और स्थानीय समाजबंधुओं के सहयोग से पूर्वोत्तर प्रदेशीय मारवाड़ी सम्मेलन की नई शाखा की स्थापना की गई।

सम्मेलन के पदाधिकारियों ने बताया कि संगठन के महत्वाकांक्षी “हर घर सम्मेलन–घर-घर सम्मेलन” अभियान के तहत वर्तमान कार्यकाल 2025-27 में यह 34वीं नई शाखा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नवगठित टंगला शाखा सामाजिक एकता को मजबूत करने, युवाओं को संगठन से जोड़ने तथा शैक्षिक, सांस्कृतिक एवं सेवा गतिविधियों को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित समाजबंधुओं ने संगठन के विस्तार पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे समाज को एकजुट करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!