गुवाहाटी:वैदिक श्लोक प्रतियोगिता में बच्चों ने बिखेरा प्रतिभा का प्रकाश
अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन के आयोजन में 31 विद्यार्थियों ने लिया उत्साहपूर्वक भाग

डिंपल शर्मा,
गुवाहाटी, 30 मई 2026
अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन, उत्तर गुवाहाटी शाखा द्वारा ‘संस्कार की धरोहर’ प्रकल्प के अंतर्गत रूपनगर स्थित वेद विद्यालय में वैदिक धर्म श्लोक प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के 31 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए वैदिक श्लोकों का शुद्ध एवं प्रभावशाली उच्चारण कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एवं निर्णायक कंचन केजरीवाल तथा संगीता पौद्दार रहीं। प्रतियोगिता के लिए सम्मेलन की ओर से बच्चों को पूर्व में श्लोक उपलब्ध कराए गए थे, जिन्हें विद्यार्थियों ने कंठस्थ कर ओजपूर्ण प्रस्तुति दी। बच्चों के आत्मविश्वास और स्पष्ट उच्चारण ने उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों को प्रभावित किया।
विद्यालय के अध्यक्ष विपुल चंद्र शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि वेद विद्यालय में विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक शिक्षा ही नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों से युक्त शिक्षा भी प्रदान की जाती है। उन्होंने विद्यालय में इस प्रकार का प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित करने के लिए सम्मेलन का आभार व्यक्त किया।
शाखा अध्यक्ष इंदु पारीक ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि सम्मेलन विद्यालय को गोद लेने के प्रस्ताव पर भी कार्य कर रहा है। कार्यक्रम का संचालन उपाध्यक्ष निर्मला आलमपुरिया ने किया, जबकि संयोजन की जिम्मेदारी उषा शर्मा ने निभाई।
प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय, तृतीय तथा दो सांत्वना पुरस्कार सहित कुल पांच पुरस्कार प्रदान किए गए। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की लगन, आत्मविश्वास एवं उच्चारण की सराहना की।
इस अवसर पर बच्चों के बीच जूस, चिप्स, चॉकलेट, बिस्किट, फल-पान एवं मिठाइयों का वितरण किया गया। इनकी प्रायोजक मीना पौद्दार एवं निर्णायक मंडल के सदस्य रहे।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रिंसिपल दीपक कुमार शर्मा, समस्त शिक्षकगण तथा सम्मेलन की उपाध्यक्ष पूनम पारीक, कोषाध्यक्ष गरिमा व्यास, उषा पारीक, किरण पारीक सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सचिव राखी गुप्ता ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि संस्था का मुख्य उद्देश्य बच्चों को भारतीय संस्कृति, संस्कारों एवं वैदिक परंपराओं से जोड़ना है। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।



