राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में नगांव में ईवीएम कमीशनिंग शुरू

डिंपल शर्मा,
नगांव, 31 मार्च 2026/असम,समाचार
विधानसभा चुनाव 2026 के सुचारू संचालन के उद्देश्य से नगांव जिले में आज से ईवीएम कमीशनिंग अर्थात मतदान मशीनों को मतदान के लिए तैयार करने की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हो गई है।
जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के लिए निर्धारित सरकारी उच्चतर माध्यमिक बालक विद्यालय, सरकारी उच्चतर माध्यमिक बालिका विद्यालय तथा डॉसन उच्चतर माध्यमिक एवं बहुमुखी विद्यालय में संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों की निगरानी में यह प्रक्रिया चल रही है। कार्यक्रम के पहले दिन जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला आयुक्त देवाशीष शर्मा ने स्वयं उपस्थित रहकर पूरे कार्य की निगरानी की।
इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया में ईवीएम कमीशनिंग के लिए नियुक्त अधिकारी व सहयोगी कर्मचारी के साथ-साथ विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि ईवीएम कमीशनिंग चुनाव से पहले इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों को तकनीकी रूप से पूरी तरह तैयार करने की एक आवश्यक प्रक्रिया है। इस दौरान मशीनों में उम्मीदवारों के नाम और चुनाव चिन्ह दर्ज किए जाते हैं तथा बैलेट यूनिट, कंट्रोल यूनिट और वीवीपैट की कार्यक्षमता की बारीकी से जांच की जाती है। इसके बाद सभी मशीनों को उम्मीदवारों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में सुरक्षित रूप से सील कर संबंधित मतदान केंद्रों के लिए सुरक्षित रखा जाता है।



