प्रियंका बेरीवाल बनीं मारवाड़ी महिला सम्मेलन होजाई शाखा की अध्यक्ष

निरंजन सरावगी,
होजाई, 31 मार्च 2026/असम.समाचार
अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन, होजाई शाखा द्वारा आयोजित वार्षिक साधारण सभा में वर्ष 2026–2028 के लिए नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। सभा में सर्वसम्मति से प्रियंका बेरीवाल को अध्यक्ष तथा रेखा मोर को सचिव चुना गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रांतीय कार्यक्रम “संस्कार ही धरोहर” के अंतर्गत एक सांस्कृतिक प्रस्तुति के साथ किया गया। इसके बाद स्थानीय जे.के. केड़िया भवन में समाज की विशिष्ट महिलाओं सीता देवी सुरेका, गायत्री देवी सरावगी, भगवती देवी चनानी, राधा देवी सरावगी और सपना देवी मोर द्वारा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया गया।
सभा में समिति की सदस्याओं तथा समाज की वरिष्ठ महिलाओं की उपस्थिति में वर्तमान कार्यकारिणी को भंग कर वर्ष 2026–2028 सत्र के लिए नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। नई कार्यकारिणी में विनीता सरावगी को उपाध्यक्ष, योगिता अग्रवाल को सह सचिव, मृदुल अग्रवाल को कोषाध्यक्ष तथा रंजना केजड़ीवाल को सह कोषाध्यक्ष बनाया गया।
इस अवसर पर गर्व के साथ घोषणा की गई कि असम प्रांतीय समिति द्वारा ज्योति सुरेका को प्रांतीय सह सचिव तथा प्रियंका सरावगी को प्रांतीय बाल विकास प्रमुख का दायित्व सौंपा गया है।
कार्यक्रम के अंत में सभी सदस्यों ने आपसी संवाद और लजीज भोजन के साथ कार्यक्रम का समापन किया।



