नगांव के दुर्गा मंदिर में नवरात्रि के कार्यक्रम संपन्न
नवरात्र के दौरान माता रानी के तीन भव्य श्रृंगार भी कराए गए, जिनके दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। महा सप्तमी के अवसर पर शाम 5:15 बजे विशेष महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें सौ से अधिक महिलाओं ने हाथों में दीप लेकर माता की आरती की।

डिंपल शर्मा,
नगांव, 28 मार्च 2026/असम.समाचार
चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर नगांव की माता के नाम से प्रसिद्ध कृष्णाश्रम शिव मंदिर स्थित दुर्गा मंदिर प्रांगण में जय अंबे सत्संग समिति के तत्वावधान में नौ दिवसीय भजन-कीर्तन एवं विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
समिति की ओर से 19 मार्च से 27 मार्च तक प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से 5 बजे तक दुर्गा मंदिर प्रांगण में भजन कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में समिति की सदस्याओं ने माता रानी के भजनों का भक्तिभाव से गायन कर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। भजन प्रस्तुत करने वालों में कांता भरतिया, यशोदा माहेश्वरी, मीना धाणीवाल, मंजू सोभासरिया, सुलोचना तोदी, उमा चौधरी, बबीता शर्मा, तुलसी बंका, रचना बंका, लक्ष्मी विदासरिया, मंजू शर्मा, राजू देवी धानुका, किरण जाजोदिया, सरला चांडक, विमला शर्मा, हर्षद सोलंकी, पूर्णिमा मोर, सरला महर्षि सहित समिति की सभी सदस्याओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
नवरात्र के दौरान माता रानी के तीन भव्य श्रृंगार भी कराए गए, जिनके दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। महा सप्तमी के अवसर पर शाम 5:15 बजे विशेष महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें सौ से अधिक महिलाओं ने हाथों में दीप लेकर माता की आरती की।
महाअष्टमी के दिन श्रृंगार के पश्चात माता रानी को सवामणि का भोग अर्पित किया गया। इसके बाद दोपहर 3:30 बजे से विशेष भजन संध्या का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ समिति के अध्यक्ष मुकेश पोद्दार और भजन गायक अरुण नागरका ने गणेश वंदना प्रस्तुत कर किया। इसके बाद संजय पोद्दार, अनिल प्रजापत, पत्रकार अजय महतो, दीपिका वर्मा और स्नेहा शर्मा ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
शाम 6 बजे माता रानी को गजरा अर्पित किया गया, जिसकी सुंदर प्रस्तुति गीता प्रजापत और दीपमाला बोकाड़िया ने दी। इसके पश्चात समिति की सदस्याओं ने नृत्य के माध्यम से माता को चुनरी अर्पित की। अंत में सुपन कुमार उपाध्याय के गायन के साथ शाम 7 बजे संध्या आरती की गई और इसी के साथ विशेष भजन संध्या कार्यक्रम का समापन हुआ।
समिति के अध्यक्ष मुकेश पोद्दार ने कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी सदस्याओं, कलाकारों तथा समाज के सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि नौ दिवसीय इस धार्मिक आयोजन को समाज के सभी वर्गों ने सराहा और बड़ी संख्या में लोगों ने इसमें भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया।
यह जानकारी समिति के अध्यक्ष मुकेश पोद्दार ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी।



