ढेकियाजुली में भीषण सड़क हादसा: एंबुलेंस-ट्रक टक्कर में 7 की मौत, एक गंभीर

विकास शर्मा,
ढेकियाजुली 23 मार्च 2026/असम.समाचार
असम के सोनितपुर जिले के ढेकियाजुली में रविवार रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया। नेशनल हाईवे-15 पर राबोरटोला इलाके में एक एंबुलेंस और कंटेनर ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें सात लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है।
जानकारी के अनुसार, एंबुलेंस तुलीप टी गार्डन से एक मरीज को लेकर जा रही थी, तभी रात करीब 9 बजे सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
घटना में घायल महेश माझी (24) को गंभीर हालत में तेजपुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
मृतकों की पहचान संध्यामणि नाथ (22), बिश्वेश नाथ (16), कुनाल कर्मकार (21, चालक), बिजॉय हंसा (52), सुजिता गोर (20) और हरी मडागी (32) के रूप में हुई है। सभी मृतक तुलीप टी गार्डन, ढेकियाजुली के निवासी थे। बताया जा रहा है कि सुजिता नाथ, बिश्वेश नाथ और संध्यामणि नाथ एक ही परिवार के सदस्य थे।
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है। स्थानीय प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।



