नगांव उपचुनाव: असम की सियासत में ‘ऑस्कर’ पर घमासान: गोगोई बोले— ‘हिमंत बड़े एक्टर’, मुख्यमंत्री का पलटवार कहा ‘अवॉर्ड मिला तो राज्य का ही नाम होगा’

विकास शर्मा,
नगांव/मोरीगांव 29 सितंबर 2026/असम.समाचार
नगांव लोकसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर असम में राजनीतिक पारा चढ़ गया है। चुनावी सरगर्मी के बीच मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा ने मोरीगांव जिले में ताबड़तोड़ रैलियां कर विपक्ष पर तीखा हमला बोला।
मोरीगांव स्कूल खेल मैदान में आयोजित जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की ऐतिहासिक जीत का दावा करते हुए कहा कि पार्टी यह चुनाव कम से कम 2.5 से 3 लाख वोटों के अंतर से जीतेगी।
वहीं, कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई द्वारा मुख्यमंत्री को ‘शानदार अभिनेता’ बताते हुए ऑस्कर देने के बयान पर पलटवार करते हुए हिमंत बिस्वा सरमा ने चुटीले अंदाज में कहा कि अगर उन्हें ऑस्कर मिलता है, तो यह पूरे असम के लिए सम्मान की बात होगी।
’बचपन से नाटकों में कर रहा हूं काम, ऑस्कर मिला तो जरूर लूंगा’गौरव गोगोई के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “यह तो बहुत अच्छी बात है, अगर ऑस्कर मिलेगा तो मैं लेने जरूर जाऊंगा। मैं बचपन से नाटकों में अभिनय करता रहा हूं चाहे वह ‘भोकोर मान्डू’ हो, ‘नाति-हाति’ हो या ‘मीरी जियरी’। अगर कोई ऑस्कर देता है तो इसमें बुरा क्या है? आखिर असम को ही तो ऑस्कर मिलेगा।”
कांग्रेस और शिबामणि बोरा पर तीखा वार
मुख्यमंत्री ने विपक्षी दल और पूर्व विधायक शिबामणि बोरा पर सीधा निशाना साधा। उन्होंने कहा, “शिबामणि बोरा पांच साल विधायक रहीं, लेकिन उन्होंने बटाद्रवा थान की घटना पर एक सवाल तक नहीं उठाया। वह ‘गुमसुम दुल्हन’ (निमाती कोइना) जैसी हैं, मुझे तो शक है कि उन्हें बोलना आता भी है या नहीं। अगर उनके वीडियो पर लाखों व्यूज आते हैं, तो उन्हें वीडियो में ही रहना चाहिए, जनता के बीच आने की क्या जरूरत है?”
उन्होंने आगे कहा कि आज राज्य का अल्पसंख्यक समाज भी यह पूछ रहा है कि अगर हिमंत सरकार में बिना रिश्वत के सरकारी नौकरियां और मेडिकल कॉलेजों में सीटें मिल सकती हैं, तो कांग्रेस के 15 साल के शासन में ऐसा क्यों नहीं हुआ। उन्होंने दावा किया कि अब जनता कांग्रेस नेताओं को खदेड़ रही है, जबकि बीजेपी को हर जगह अपार समर्थन मिल रहा है।
2 लाख से अधिक सरकारी नौकरियों का लक्ष्य
रोजगार के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारियों के प्रमोशन की प्रक्रिया तेज कर रही है और पांच वर्षों में 2 लाख सरकारी भर्तियां पूरी करने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा, “पिछली बार 1 लाख का लक्ष्य कठिन लग रहा था, लेकिन हमने 1.60 लाख नौकरियां दीं। इस बार 2 लाख का आंकड़ा छूना मुश्किल दिख रहा है, लेकिन संभव है कि हम 2.10 लाख तक पहुंच जाएं।”
बदरुद्दीन अजमल की रैलियों पर बोलते हुए सरमा ने स्पष्ट किया कि अजमल एक धार्मिक हस्ती हैं, इसलिए उलेमा और लोग उनका धार्मिक प्रवचन सुनने जाते हैं। वह कोई राजनीतिक भीड़ नहीं है और उनका वोट बीजेपी को ही मिलेगा।
गौरव गोगोई का पलटवार:
‘राजनीति में इतना बड़ा ड्रामा कभी नहीं देखा’इससे पहले, कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने मुख्यमंत्री पर तीखा हमला बोलते हुए कहा था, “इनका नाटक देखकर बहुत मनोरंजन हो रहा है। जो नेता सत्ता में आने के बाद मदरसे और संस्कृत स्कूल बंद करवाता है, बुलडोजर और एनकाउंटर की राजनीति करता है, आज वही ‘सबके विकास’ और प्यार की बात कर रहा है।”गोगोई ने आगे कहा, “वह इतने मंझे हुए कलाकार हैं कि उन्हें ऑस्कर या फिल्मफेयर अवॉर्ड से नवाजा जाना चाहिए। जो पहले ‘कमर तोड़ने’ की बात करते थे, आज वही सेल्फी खिंचवा रहे हैं। वह इतने बड़े अभिनेता हैं कि झूठ बोलने में भी महारत हासिल कर चुके हैं।”



