Blogअसमथर्ड आईपॉलिटिकल तड़कामुद्दा गरम हैराष्ट्रीयलेटेस्ट खबरें

नगांव उपचुनाव में भाजपा का जोरदार प्रचार, सीएम हिमंत और दिलीप सैकिया ने कांग्रेस पर साधा निशाना

विकास शर्मा,

नगांव 28 सितंबर/असम.समाचार

नगांव लोकसभा उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव प्रचार तेज कर दिया है।

सोमवार को असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने भाजपा प्रत्याशी देबाशीष शर्मा के समर्थन में नगांव लोकसभा क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में तीन चुनावी सभाओं को संबोधित किया।

वहीं, नगांव जिला भाजपा कार्यालय वाजपेयी भवन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं सांसद दिलीप सैकिया ने कांग्रेस पर चुनाव आयोग और ईवीएम को लेकर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया।

रोहा खेल संघ के मैदान में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में रोहा की जनता ने भाजपा के शशिकांत दास को 21 हजार मतों से जीत दिलाई थी। उन्होंने उम्मीद जताई कि नगांव लोकसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी देबाशीष शर्मा को रोहा विधानसभा क्षेत्र से बड़ी बढ़त मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उपचुनाव में भाजपा की जीत से केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार और असम की राज्य सरकार को मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार अपने चुनावी वादों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने दो लाख सरकारी नौकरियों में पारदर्शी तरीके से नियुक्ति की प्रक्रिया, अरुणोदय योजना की राशि 1,250 रुपये से बढ़ाकर 1,500 रुपये किए जाने तथा महिलाओं के लिए मुख्यमंत्री महिला उद्यमिता अभियान का उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि ‘विकसित असम’ योजना के तहत करीब 50 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में सड़क, स्टेडियम और सभागार के निर्माण के साथ कॉलेजों में विज्ञान एवं वाणिज्य शाखा शुरू करने तथा विकासखंड स्तर पर महिला बाजार बनाने की योजना है। मुख्यमंत्री ने रोहा में उपजिला कार्यालय, स्टेडियम, सभागार, 50 बिस्तरों वाले अस्पताल सहित विभिन्न विकास कार्यों को पूरा करने का आश्वासन भी दिया।

सामागुड़ी में विकास के नाम पर वोट की अपील

सामागुड़ी विधानसभा क्षेत्र के सोनारिबाली खेल मैदान में आयोजित सभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि सामागुड़ी क्षेत्र में अभी कई विकास कार्य किए जाने बाकी हैं। उन्होंने अरुणोदय, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने तथा नगांव-नलतली और सामागुड़ी-लाइलुवा सड़क एवं कलंग नदी के तटबंध से जुड़े कार्यों का उल्लेख किया।

उन्होंने दावा किया कि पिछले पांच वर्षों में राज्य सरकार ने मेरिट के आधार पर करीब 1.60 लाख सरकारी नौकरियां दी हैं और इनमें सभी धर्मों के लोगों को अवसर मिला है। मुख्यमंत्री ने भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील करते हुए कांग्रेस और एआईयूडीएफ पर भी निशाना साधा।

मोरीगांव जिले के मोरियाबाड़ी में आयोजित सभा में मुख्यमंत्री ने लाहरीघाट क्षेत्र में सरकारी योजनाओं के लाभ का उल्लेख किया तथा ब्रह्मपुत्र की कटाव समस्या, पाटेकीबाड़ी में चिल्ड्रन पार्क, विज्ञान कॉलेज, धिंग से भुरागांव तक असम माला सड़क, दलाईगांव-मोआमारी सड़क और शीतल भंडार सहित स्थानीय मांगों पर काम करने का आश्वासन दिया।

सैकिया का कांग्रेस पर हमला

इससे पहले नगांव जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने कहा कि कांग्रेस चुनाव जीतती है तो चुनाव आयोग और ईवीएम को सही बताती है, जबकि हारने पर दोनों पर सवाल उठाती है। उन्होंने चुनाव आयोग को लेकर कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि विपक्ष लगातार संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठाने का प्रयास कर रहा है।

सैकिया ने कहा कि ईवीएम की विश्वसनीयता को लेकर चुनाव आयोग कई बार उच्चतम न्यायालय के समक्ष अपना पक्ष रख चुका है। उन्होंने राहुल गांधी द्वारा ईवीएम को लेकर की गई टिप्पणियों का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बैलेट पेपर से चुनाव की मांग करने वाली कांग्रेस स्थानीय निकाय चुनावों में भी पराजय का सामना कर चुकी है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि विपक्ष द्वारा चुनाव आयोग और अन्य संवैधानिक संस्थाओं पर लगाए जा रहे आरोप राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करना सीखना चाहिए।

सैकिया ने राहुल गांधी से जुड़े राफेल मामले का भी उल्लेख करते हुए कहा कि उस मामले में अदालत की टिप्पणी को लेकर राहुल गांधी के खिलाफ अवमानना की कार्यवाही हुई थी और बाद में उन्होंने बिना शर्त माफी मांगी थी।

संवाददाता सम्मेलन में राज्य सरकार के मंत्री सुषांत बुढ़ागोहाईं तथा विधायक प्रद्युत बोरदोलोई, रूपक शर्मा, दीपलु रंजन शर्मा सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। वहीं, मुख्यमंत्री की चुनावी सभाओं में मंत्री केशव महंत, पीयूष हजारिका, जयंत मल्ल बरुआ, नीलिमा डे, विधायक शशिकांत दास, प्रद्युत बोरदोलोई सहित भाजपा और सहयोगी दलों के कई नेता उपस्थित रहे।

नगांव लोकसभा उपचुनाव के लिए मतदान 6 अक्टूबर को होगा और मतगणना 9 अक्टूबर को निर्धारित है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!