दिल्ली में ‘राष्ट्रीय शक्ति शिखर सम्मेलन 2026’ आयोजित, गुवाहाटी की संतोष शर्मा हुईं सम्मानित

विकास शर्मा,
नई दिल्ली/गुवाहाटी 14 मार्च 2026
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रखर राष्ट्रवादी साहित्यिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठन सम्पर्क क्रांति परिवार द्वारा राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में ‘राष्ट्रीय शक्ति शिखर सम्मेलन 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन लाजपत भवन ऑडिटोरियम, लाजपत नगर में शनिवार को किया गया।
संगठन की राष्ट्रीय महासचिव सोमा सर्बजना ने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित करना और नारीशक्ति के सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम दोपहर 3 बजे से रात 8 बजे तक चला, जिसके बाद अतिथियों के लिए स्वरुचि भोज की भी व्यवस्था की गई।
इस अवसर पर देशभर से आई महिलाओं को राष्ट्र शक्ति शिरोमणि सम्मान 2026, राष्ट्र तेजस्विनी सम्मान 2026, राष्ट्र यशस्विनी सम्मान 2026 तथा नृत्य शिरोमणि गुरु जितेंद्र महाराज सम्मान 2026 से अलंकृत किया गया। कला, साहित्य, संस्कृति, शिक्षा, चिकित्सा, उद्योग, प्रशासन, सामाजिक सेवा, राजनीति, फिल्म, मीडिया और खेल सहित अनेक क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को मंच पर सम्मानित किया गया।
इसी क्रम में गुवाहाटी (असम) की संतोष शर्मा को उनके सामाजिक कार्यों और उल्लेखनीय योगदान के लिए “राष्ट्र शक्ति शिरोमणि सम्मान 2026” से सम्मानित किया गया।
सम्मेलन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि समाज और राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से नारी शक्ति को सम्मान देने के साथ-साथ उनके कार्यों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलती है। मौके पर जानीमानी गायिका सीमा मिश्र भी मौजूद थीं।



