असमअसम.समाचार(स्पेशल)एक्सक्लूसिव खबरेंगुवाहाटीतीसरी आंखथर्ड आईधर्म और आस्थाराष्ट्रीयलेटेस्ट खबरेंसामाजिक

गुवाहाटी सहित असम में खजूर व ड्राई फ्रूट महंगे, युद्ध का हवाला देकर वसूली के आरोप

विकाश शर्मा,

गुवाहाटी

ईरान -अमेरिका तनाव की आड़ लेकर असम में कुछ ड्राई फ्रूट व्यापारियों द्वारा खजूर और अन्य सूखे मेवों के दाम मनमाने ढंग से बढ़ाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। खासकर रमजान के पवित्र महीने में खजूर और ड्राई फ्रूट की मांग सामान्य दिनों की तुलना में काफी बढ़ जाती है, जिसका लाभ उठाकर कुछ व्यापारी ग्राहकों से अधिक कीमत वसूल रहे हैं।

स्थानीय ग्राहकों का आरोप है कि कई दुकानदार ईरान-अमेरिका के संभावित युद्ध और खाड़ी देशों से माल की आपूर्ति प्रभावित होने का हवाला देकर खजूर, बादाम, काजू और किशमिश जैसे ड्राई फ्रूट के दामों में अचानक वृद्धि कर रहे हैं। बाजार में प्रति किलो 50 से लेकर 150 रुपये तक अतिरिक्त मुनाफा कमाने की बात भी सामने आ रही है।

व्यापारिक सूत्रों के अनुसार भारत में खजूर और कई प्रकार के ड्राई फ्रूट का बड़ा हिस्सा ईरान, इराक, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात और अन्य खाड़ी देशों से आयात होता है। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय तनाव या युद्ध की आशंका को लेकर बाजार में अफवाहें फैलने लगती हैं, जिसका असर खुदरा बाजार की कीमतों पर पड़ता है।

हालांकि ग्राहकों का कहना है कि वर्तमान में आपूर्ति पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ा है, इसके बावजूद कुछ व्यापारी युद्ध और आयात संकट का हवाला देकर मनमाने दाम वसूल रहे हैं। उनका आरोप है कि इस तरह की कालाबाजारी से आम उपभोक्ता को नुकसान होने के साथ-साथ सरकारी राजस्व को भी क्षति पहुंच रही है।

ग्राहकों ने मांग की है कि सरकार के संबंधित विभाग और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग को बाजार में जांच अभियान चलाकर व्यापारियों के माल के इनवॉइस और खरीद मूल्य की जांच करनी चाहिए, ताकि वास्तविक कीमत का पता चल सके और मुनाफाखोरी पर रोक लगाई जा सके।

जानकारों के अनुसार गुवाहाटी के साथ-साथ असम के कई जिलों में भी ड्राई फ्रूट के दामों में इसी तरह की बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। रमजान के महीने में खजूर की खपत अधिक होने के कारण बाजार में मांग बढ़ी हुई है, जिसका फायदा उठाकर कुछ व्यापारी मुंह मांगी कीमत वसूलने में लगे हैं।

यदि समय रहते प्रशासन द्वारा बाजार की निगरानी नहीं की गई, तो आने वाले दिनों में ड्राई फ्रूट के दाम और अधिक बढ़ने की आशंका से भी इंकार नहीं किया जा सकता।

जानकारी के अनुसार आने वाले दिनों में गुवाहाटी के प्रमुख व्यापारिक क्षेत्रों में मुनाफाखोरी करने वाले कुछ व्यापारियों के नाम सार्वजनिक किए जा सकते हैं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!