खाटू की खुशबू से सराबोर हुआ नगांव,श्याम नाम में डूबा नगर, फाल्गुन में सजा भक्ति का उत्सव
निशान, नाम और नाद में डूबा नगांव, श्याम उत्सव का अनुपम दृश्य

डिंपल शर्मा .संवाददाता
नगांव, 9 फरवरी 2026/असम.समाचार
नगांव नगर इन दिनों खाटूधाम की अलौकिक खुशबू से महक उठा, जब “श्री श्याम परिवार” के पावन तत्वावधान में आयोजित छठवां वार्षिक श्री श्याम संकीर्तन एवं फाल्गुन महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के भावों के साथ संपन्न हुआ।

सेठ मेघराज अग्रवाल स्मृति भवन, हैबरगांव में 7 एवं 8 फरवरी को आयोजित इस दो दिवसीय आयोजन ने नगांव को मानो श्याममय बना दिया। दुल्हन की तरह सजे भवन, रंग-बिरंगी रोशनियाँ, पुष्प सज्जा और श्याम नाम की गूंज ने भक्तों को एक अलग ही आध्यात्मिक लोक में पहुँचा दिया।

पहला दिन: भक्ति की शुरुआत, भावों की उड़ान
7 फरवरी को अपराह्न 3:15 बजे से प्रभु इच्छा तक चले कार्यक्रम में ‘सुंदरकांड परिवार, तिनसुकिया’ द्वारा प्रस्तुत संगीतमय सुंदरकांड पाठ ने वातावरण को भक्तिरस से भर दिया। हर चौपाई के साथ श्रद्धालुओं की आँखें नम और मन स्थिर दिखाई दिया।

इसके बाद कोलकाता की प्रसिद्ध तुलिका नृत्य नाटिका ग्रुप की भावपूर्ण प्रस्तुति ने कथा, संगीत और नृत्य के माध्यम से भक्ति को दृश्य रूप दे दिया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।

दूसरा दिन: श्याम नाम की अविरल धारा
श्री कृष्णाश्रम शिव मंदिर परिसर से श्री श्याम परिवार के सान्निध्य में एक भव्य निशान यात्रा निकाली गई, जो नगर में आकर्षण का केंद्र रही। इस यात्रा में शामिल सभी श्याम भक्त अपने-अपने पारंपरिक गणवेश में नजर आए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और उल्लासपूर्ण हो उठा।

8 फरवरी की संध्या 4:15 बजे से जैसे ही श्री श्याम संकीर्तन का शुभारंभ हुआ, पूरा सभागार “श्याम… श्याम…” के जयघोष से गूंज उठा।

खाटू धाम से पधारे प्रख्यात भजन गायक अजहर अली ने अपने सुमधुर भजनों से बाबा श्री श्याम के चरणों में भावभीनी हाजिरी लगाई।

फरीदाबाद से संध्या तोमर और गुरुग्राम से शुभम ठकरान की प्रस्तुतियों ने भक्ति को सुरों का पंख दिया, जिससे श्रोता देर रात तक मंत्रमुग्ध रहे।

बाबा के शीश का आगमन बना विशेष आकर्षण
आयोजन की शोभा तब और बढ़ गई जब बाबा श्री श्याम के परम भक्त एवं पुजारी हरिश शर्मा (दिल्ली) के सान्निध्य में बाबा का पावन शीश नगांव पहुँचा।

नगर निवासी नितेश खेड़िया के निवास पर हुए भव्य स्वागत, संध्याकालीन व प्रातःकालीन आरती और असमिया परंपरा के अनुसार अभिनंदन ने भक्तों को भावुक कर दिया।

सेवा, समर्पण और संगठन का जीवंत उदाहरण
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए श्री श्याम परिवार के भक्त राहुल भजनका ने बताया कि यह श्री श्याम परिवार द्वारा आयोजित छठवां वार्षिक संकीर्तन है।
अब तक श्याम भक्तों के निवास स्थानों पर 137 संकीर्तन संपन्न कराए जा चुके हैं तथा विभिन्न क्षेत्रों में 11 भव्य निशान यात्राओं का सफल आयोजन किया गया है।
उन्होंने यह भी बताया कि जो श्याम भक्त किसी कारणवश खाटू धाम नहीं जा पाते, उनके लिए श्री श्याम परिवार विशेष सेवा प्रदान करता है नाम व पता पूर्णतः गोपनीय रखते हुए, खाटू धाम यात्रा की संपूर्ण व्यवस्था एवं व्यय संस्था स्वयं वहन करती है।

आभार और अनुभूति
आयोजक श्री श्याम परिवार, नगांव ने इस सफल आयोजन के लिए समस्त श्याम भक्तों, सहयोगियों और नगरवासियों का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह आयोजन केवल एक धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और सामूहिक आस्था का उत्सव है।



