असमएक्सक्लूसिव खबरेंथर्ड आईपुलिस बुकपॉलिटिकल तड़कामुद्दा गरम हैराष्ट्रीयलेटेस्ट खबरें

मुख्यमंत्री का बड़ा आरोप: गौरव गोगोई–पाक लिंक ‘ग्लोबल साज़िश’ का हिस्सा; 8 फरवरी को होगा बड़ा खुलासा

केशव पारीक,संवाददाता

शिवसागर (असम), 4 फरवरी 2026/असम.समाचार

मुख्यमंत्री ने एक बार फिर सांसद एवं असम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई पर पाकिस्तान से कथित संबंधों को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि असम पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) की जांच में गौरव गोगोई, उनकी पत्नी एलिज़ाबेथ गोगोई और पाकिस्तानी नागरिक अली तौकीर शेख के बीच कथित लिंक सामने आए हैं।

पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि 8 फरवरी को होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस केवल “शुरुआत” होगी। उन्होंने बताया कि 7 फरवरी को होने वाली कैबिनेट बैठक में इस मुद्दे पर चर्चा की जाएगी, जबकि 8 फरवरी सुबह 10:30 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस में जांच से जुड़े तथ्यों को सार्वजनिक किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने इसे अत्यंत संवेदनशील मामला बताते हुए कहा कि इसे केवल असम की राजनीति के चश्मे से नहीं देखा जाना चाहिए। उनके अनुसार, यह एक “वैश्विक स्तर की ग्लोबल कॉन्स्पैरेसी” का हिस्सा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच किसी एक व्यक्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि एक पूरे सिस्टम के खिलाफ है और इसमें कई अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं।

उन्होंने दावा किया कि असम पुलिस ने प्रारंभिक जांच में यह पता लगाने की कोशिश की है कि किस तरह अमेरिका और इंग्लैंड से भारत की जड़ों को कमजोर करने के लिए कथित षड्यंत्र रचे जाते हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि अब तक की जांच कुल जांच का मात्र एक प्रतिशत है, क्योंकि राज्य पुलिस के पास इलेक्ट्रॉनिक एविडेंस जुटाने, भारत सरकार के डेटा तक पहुंच या इंटरपोल का सहयोग लेने की सीमाएं हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि भारत सरकार इस मामले की व्यापक और गहन जांच कराती है, तो देश को कमजोर करने के एक बड़े षड्यंत्र का पर्दाफाश हो सकता है। उन्होंने दोहराया कि इस जांच को किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ कार्रवाई के रूप में नहीं, बल्कि एक व्यापक तंत्र की पड़ताल के रूप में देखा जाना चाहिए।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!