यूजीसी नियमों के खिलाफ संघर्ष में सफलता, अष्टलक्ष्मी परशुराम फाउंडेशन ने मनाया विजय उत्सव
ओपी शर्मा,संवाददाता, गुवाहाटी

गुवाहाटी 30 जनवरी 2026/असम.समाचार
अष्टलक्ष्मी परशुराम फाउंडेशन द्वारा परशुराम सेवा सदन में विजय उत्सव का आयोजन किया गया। उल्लेखनीय है कि सुप्रीम कोर्ट ने नए यूजीसी नियमों पर फिलहाल अंतरिम रोक लगा दी है। अधिवक्ता विष्णु शंकर जैन द्वारा दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए न्यायालय ने मामले की अगली सुनवाई 18 मार्च को निर्धारित की है।

कार्यक्रम के दौरान अधिवक्ता विश्वंभर शर्मा ने नए यूजीसी नियमों के विभिन्न प्रावधानों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इनसे सवर्ण समाज पर किस प्रकार प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इस अवसर पर समाजसेवी रमन झा एवं पंडित योगेश पारीक ने भी अपने-अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पत्रकार चंद्रप्रकाश शर्मा ने कहा कि यह आंदोलन किसी समुदाय के विरुद्ध नहीं है, बल्कि संविधान प्रदत्त अधिकारों की रक्षा के लिए है। उन्होंने इस विषय पर एकजुटता दिखाने के लिए समस्त विप्र एवं सवर्ण संगठनों तथा बुद्धिजीवियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के प्रांतीय संयोजक संतोष शर्मा ने की। कार्यक्रम के समापन पर दीप प्रज्वलन के साथ विजय नाद किया गया।
कार्यक्रम में विप्र समाज के सभी तबकों के साथ हिंदीभाषी ब्राह्मण समाज की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।


