अवैध प्लास्टिक नेटवर्क ध्वस्त, जीएसटी विभाग ने 5 करोड़ का माल पकड़ा
विकास शर्मा, संवाददाता, गुवाहाटी

गुवाहाटी 26 जनवरी 2026/असम.समाचार
जीएसटी चोरी के खिलाफ अभियान के तहत जीएसटी विभाग ने गुवाहाटी के भूतनाथ और पामोहि इलाकों में स्थित गोदामों पर बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान करीब 5 करोड़ रुपये मूल्य का सामान जब्त किया गया है। यह कार्रवाई पिछले तीन-चार दिन पहले की गई थी।

विभागीय सूत्रों के अनुसार, अवैध रूप से लाई गई प्लास्टिक थैलियों से लदे तीन वाहनों को भी जब्त किया गया है। इसके अलावा कर चोरी से जुड़े पांच गोदामों को सील किया गया है।
जांच में सामने आया है कि यह प्लास्टिक सामग्री फर्जी चालानों और बिना इनवॉइस के अवैध तरीके से लाई गई थी। प्रारंभिक जांच के अनुसार, इस नेटवर्क का विस्तार गुवाहाटी से सटे नगांव, सोनितपुर, बरपेटा सहित अन्य जिलों तक फैला हुआ है।
जीएसटी विभाग के अनुसार यह कार्रवाई आरजी प्लास्टिक प्रतिष्ठान के खिलाफ की गई है। विभाग ने बताया कि प्रतिष्ठान के मालिक के रूप में छोटेलाल और बाबूलाल के नाम सामने आए हैं।
यह पूरी कार्रवाई जीएसटी अधीक्षक मनोज कुमार देवरी के नेतृत्व में अंजाम दी गई।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है और संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है।
जीएसटी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अन्य जिलों के कई व्यापारी, जो कर चोरी में लिप्त हैं, विभाग की रडार पर हैं, और आने वाले दिनों में इस तरह की और भी सख्त कार्रवाइयां की जा सकती हैं।
फ़ोटो सोर्स-थर्ड पार्टी



