नगांव में छठवां वार्षिक श्री श्याम संकीर्तन एवं फाल्गुन महोत्सव 7-8 फरवरी को, देश के ख्यातिलब्ध भजन गायक करेंगे हाजरी
डिंपल शर्मा, संवाददाता, नगांव

नगांव 24 जनवरी 2026/असम.समाचार
नगांव नगर में श्री श्याम परिवार के पावन तत्वावधान में छठवां वार्षिक श्री श्याम संकीर्तन एवं फाल्गुन महोत्सव का भव्य आयोजन आगामी 7 एवं 8 फरवरी 2026 को किया जा रहा है। यह दिव्य आयोजन सेठ मेघराज अग्रवाल स्मृति भवन, हैबरगांव (नगांव) में आयोजित होगा।

कार्यक्रम की शुरुआत 7 फरवरी को संध्या 3:15 बजे से प्रभु इच्छा तक होगी, जबकि 8 फरवरी को संध्या 4:15 बजे से संकीर्तन एवं भजनामृत की अविरल धारा प्रवाहित होगी।
कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए श्री श्याम परिवार के भक्त राहुल भजनका ने बताया कि इस अवसर पर भजनामृत संकीर्तन, सुंदरकांड पाठ, संगीतमय भक्ति प्रस्तुति एवं नृत्य नाटिका का भव्य आयोजन किया गया है।

उन्होंने बताया कि 7 फरवरी को ‘सुंदरकांड परिवार, तिनसुकिया’ द्वारा संगीतमय सुंदरकांड पाठ प्रस्तुत किया जाएगा, वहीं कोलकाता की प्रसिद्ध तुलिका नृत्य नाटिका ग्रुप द्वारा भावपूर्ण नृत्य नाटिका की प्रस्तुति दी जाएगी।
राहुल भजनका ने आगे बताया कि 8 फरवरी को खाटू धाम से पधारे प्रख्यात भजन गायक अजहर अली बाबा श्री श्याम के चरणों में विशेष हाजरी लगाएंगे।
साथ ही इस दिन संध्या तोमर (फरीदाबाद) एवं शुभम ठकरान (गुरुग्राम) जैसे सुप्रसिद्ध भजन गायक भी संकीर्तन में अपनी सुमधुर भक्ति प्रस्तुति देंगे।
उन्होंने बताया कि बाबा के परम भक्त एवं पुजारी हरिश शर्मा (दिल्ली) के सान्निध्य में बाबा श्री श्याम के शीश का पावन आगमन भी इस आयोजन की विशेष शोभा रहेगा।
यह उल्लेखनीय है कि यह श्री श्याम परिवार द्वारा आयोजित छठवां वार्षिक संकीर्तन है। इसके अतिरिक्त अब तक श्याम भक्तों के निवास स्थानों पर 137 कीर्तन सफलतापूर्वक संपन्न कराए जा चुके हैं। वहीं विभिन्न क्षेत्रों से 11 भव्य निशान यात्राओं का आयोजन भी किया जा चुका है।
राहुल भजनका ने कहा कि श्री श्याम परिवार की विशाल और सशक्त सदस्य श्रृंखला इसकी सबसे बड़ी शक्ति है, जो सेवा, समर्पण और संगठन भाव से निरंतर कार्य कर रही है।
एक अनुकरणीय सेवा पहल की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि जो श्याम भक्त किसी कारणवश खाटू धाम जाने में असमर्थ हैं, वे श्री श्याम परिवार से संपर्क कर सकते हैं। ऐसे भक्तों का नाम व पता पूर्णतः गोपनीय रखा जाएगा तथा खाटू धाम तक आवागमन का संपूर्ण व्यय एवं वाहन व्यवस्था श्री श्याम परिवार द्वारा की जाएगी।
आयोजक श्री श्याम परिवार, नगांव ने समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों एवं श्याम भक्तों से इस दिव्य आयोजन में सहभागी बनकर बाबा श्री श्याम की कृपा प्राप्त करने की भावपूर्ण अपील की है।



