
ओपी शर्मा
गुवाहाटी 16 जनवरी 2026/असम.समाचार
लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी प्राइड ने गुवाहाटी के सात अन्य लायंस क्लबों के सहयोग से 3 जनवरी से 11 जनवरी तक लायंस इंटरनेशनल हंगर सर्विस वीक का सफल आयोजन किया। इस दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जनसेवा और कल्याण से जुड़े अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
सप्ताह भर चले इस सेवा अभियान का नेतृत्व लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी प्राइड के चार्टर अध्यक्ष अनूप कुमार जाजोदिया ने किया। हंगर सर्विस वीक के अंतर्गत प्रतिदिन सेवा शिविर, महिला सशक्तिकरण सत्र, पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण तथा आपसी सौहार्द बढ़ाने के उद्देश्य से फेलोशिप कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इस संयुक्त सेवा अभियान में लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी प्राइड, उमानंदा, स्मार्ट सिटी, रिवरव्यू, परवरिश, आइकॉन, ग्रेटर एवं एलीट ने भाग लिया।
हंगर सर्विस वीक का औपचारिक उद्घाटन एक भव्य समारोह में मुख्य अतिथि पंकज पोद्दार द्वारा किया गया। इस अवसर पर एम.पी. अग्रवाला, ऋषभ लोधा और नवीन पोद्दार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे। वहीं अजय पोद्दार, आनंद अय्यर, कंचन केजरीवाल, संपत मिश्रा सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
उद्घाटन दिवस पर चाटीबाड़ी क्षेत्र में प्रसाद वितरण किया गया।सेवा सप्ताह के दौरान लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी प्राइड द्वारा श्री सुकलेश्वर देवालय के समीप लगभग 900 लोगों को भोजन कराया गया।
इसके अलावा लछित नगर स्थित श्री हनुमान मंदिर के पास 690 से अधिक लोगों को केसरिया खीर वितरित की गई। क्लब ने करीब 450 लोगों को खिचड़ी तथा 24 जरूरतमंदों को नए व पुराने वस्त्र भी प्रदान किए।
लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी स्मार्ट सिटी ने जलाराम मंदिर में 75 बच्चों को भोजन कराते हुए स्कूल न्यूट्रिशन डे मनाया।
हंगर फ्री स्लम ड्राइव के तहत लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी रिवरव्यू ने बिरुबाड़ी स्थित काली मंदिर के पास 990 से अधिक राहगीरों को पूड़ी, सब्जी और खीर परोसी।
लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी ग्रेटर ने आत्मनिर्भर संस्था के 72 सदस्यों को भोजन कराया।
अस्पताल देखभाल दिवस के अवसर पर लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी आइकॉन ने बी. बरुआ कैंसर अस्पताल में 870 से अधिक मरीजों और उनके परिजनों को भोजन उपलब्ध कराया।
वहीं लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी उमानंदा ने आत्मनिर्भर एक चैलेंज संस्था के 74 सदस्यों और कर्मचारियों को भोजन कराया।
वरिष्ठ नागरिक एवं आश्रय गृह दिवस के तहत लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी एलीट ने गण सारथी वृद्धाश्रम के 40 निवासियों को एक माह के लिए सूखा राशन वितरित किया।
इसके साथ ही लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी परवरिश द्वारा 250 सूखा राशन पैकेट वितरित किए गए, जिससे लगभग 3,000 लोग लाभान्वित हुए।
हंगर सर्विस वीक के समापन दिवस पर सभी आठों लायंस क्लबों ने संयुक्त रूप से वेद विद्यालय में 39 विद्यार्थियों और कर्मचारियों को भोजन कराया।
सेवा सप्ताह के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण सत्र का आयोजन पुणे की सुश्री ऋचा मिश्रा द्वारा किया गया। इसके अतिरिक्त पर्यावरण संरक्षण, फेलोशिप कार्यक्रम तथा मकर संक्रांति और माघ बिहू पर्व भी उत्साहपूर्वक मनाए गए।
संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति में लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी प्राइड के चार्टर अध्यक्ष अनूप कुमार जाजोदिया और चार्टर सचिव मनीष जैन ने बताया कि इस सेवा सप्ताह में सेवाओं की गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई।
उन्होंने सभी सहभागी क्लबों, उनके अध्यक्षों और सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज से मिली सराहना ने इस हंगर सर्विस वीक को अविस्मरणीय बना दिया।



