त्योहार बना मौका: नगांव में चोरों का ‘साफ-सफाई अभियान’

विकास शर्मा
नगांव 16 जनवरी 2026
जहाँ एक ओर भोगाली बिहू की खुशियाँ मनाई जा रही थीं, वहीं नगांव शहर के लावखोवा रोड इलाके में चोरों ने त्योहार को अपने अंदाज़ में मनाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
लावखोवा रोड निवासी बाबुल काकति भोगाली बिहू के अवसर पर घर में ताला लगाकर परिवार सहित दक्षिणपाट स्थित अपने पैतृक घर गए हुए थे। इसी मौके का फायदा उठाकर चोरों के एक गिरोह ने उनके घर को निशाना बनाया।
जानकारी के अनुसार, चोरों ने घर के पीछे की ग्रिल खोलकर बाथरूम का दरवाज़ा तोड़ा और भीतर प्रवेश किया। इसके बाद सोने के गहनों, नकद राशि सहित कई कीमती सामानों पर हाथ साफ़ कर दिया।
घटना का खुलासा तब हुआ जब बाबुल काकति बुधवार शाम अपने घर लौटे। घर की हालत देखकर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर हाइबरगांव पुलिस चौकी की टीम पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हैबरगांव क्षेत्र के खड़ामपट्टी, लावखोवा रोड और तेलियापट्टी इलाकों में हाल के दिनों में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ी हैं, जिससे लोग खासे परेशान हैं। शहर के स्थानीय थाने में दर्जनों से अधिक प्राथमिकी पहले ही दर्ज हो चुकी हैं।
त्योहार के मौसम में बढ़ती चोरियों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।



