नए साल पर भारतीय रेल का देश को तोहफा,गुवाहाटी–हावड़ा के बीच चलेगी पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन

विकास शर्मा
गुवाहाटी 1 जनवरी 2026/असम.समाचार
रेलवे न्यूज़
भारतीय रेल ने नए वर्ष पर देश को बड़ी सौगात दी है। केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने घोषणा की है कि देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन गुवाहाटी (असम) और हावड़ा (पश्चिम बंगाल) के बीच चलाई जाएगी। उन्होंने बताया कि वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का ट्रायल, परीक्षण और सर्टिफिकेशन सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। जनवरी माह में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी इस ऐतिहासिक ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे।
रेल भवन, नई दिल्ली में आयोजित बैठक के दौरान श्री वैष्णव ने देशवासियों को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि भारतीय रेल, देश और रेल यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। उन्होंने यह भी कहा कि वर्ष 2026 भारतीय रेल के लिए बड़े सुधारों का वर्ष होगा, जिसमें यात्रियों की सुविधा से जुड़ी कई नई पहलें शुरू की जाएंगी।
इस वंदे भारत स्लीपर ट्रेन से असम के कामरूप महानगर और बोंगाईगांव तथा पश्चिम बंगाल के कूचबिहार, जलपाईगुड़ी, मालदा, मुर्शिदाबाद, पूर्व बर्दवान, हुगली और हावड़ा जिलों को सीधा लाभ मिलेगा। ट्रेन में कुल 16 कोच होंगे, जिनमें 11 थ्री-टियर एसी, 4 टू-टियर एसी और 1 फर्स्ट क्लास एसी कोच शामिल हैं। ट्रेन की कुल यात्री क्षमता लगभग 823 यात्रियों की होगी।
रेल मंत्री ने बताया कि इस ट्रेन के लिए पूरी तरह से नया डिज़ाइन किया गया बोगी और अत्याधुनिक सस्पेंशन सिस्टम विकसित किया गया है। यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए इंटीरियर, बर्थ और सीढ़ियों को एर्गोनॉमिक डिजाइन के साथ तैयार किया गया है।
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को इस तरह से समय-सारिणी में शामिल किया जाएगा कि यह शाम को अपने प्रारंभिक स्टेशन से रवाना होकर सुबह जल्दी गंतव्य तक पहुंचे, जिससे रात की यात्रा अधिक आरामदायक हो सके।
यात्रियों को यात्रा के दौरान क्षेत्रीय व्यंजनों का भी आनंद मिलेगा। गुवाहाटी से चलने वाली ट्रेन में पारंपरिक असमिया भोजन, जबकि कोलकाता से चलने वाली ट्रेन में बंगाली व्यंजन परोसे जाएंगे।
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की प्रमुख विशेषताएं
180 किमी प्रति घंटे तक की डिज़ाइन स्पीड वाली सेमी हाई-स्पीड ट्रेन
बेहतर कुशनिंग के साथ आरामदायक बर्थ
ऑटोमैटिक दरवाजे और वेस्टीब्यूल
उन्नत सस्पेंशन से बेहतर राइड क्वालिटी
‘कवच’ सुरक्षा प्रणाली से लैस
उच्च स्तर की स्वच्छता के लिए डिसइंफेक्टेंट तकनीक
सीसीटीवी कैमरे सभी कोचों में
दिव्यांगजनों के लिए विशेष सुविधाएं
आधुनिक फायर डिटेक्शन और फायर सेफ्टी सिस्टम
देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन रात्री यात्राओं के लिए तेज, सुरक्षित और अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त यात्रा अनुभव प्रदान करेगी। यह पहल भारतीय रेल की यात्री-केंद्रित सोच, तकनीकी नवाचार और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को और मजबूत करेगी।



