नगांव में ईट भट्टे के मैनेजर की रहस्यमयी मौत,घने जंगल में पेड़ से लटका मिला शव, हत्या की आशंका गहराई

विकास शर्मा
नगांव, 1 दिसंबर 2025/असम.समाचार
जिले के इटापारा क्षेत्र में मंगलवार को एक बेहद रहस्यमयी और सनसनीखेज घटना सामने आई। आरजे ? इटाभट्टा के मैनेजर बीरेंद्र सिंह का शव स्थानीय लोगों ने माजरआटी इलाके के घने जंगल में पेड़ से रस्सी के सहारे लटका हुआ देखा। शव के मुँह में कपड़ा ठूंसा हुआ पाया गया, जिससे यह घटना और भी संदिग्ध हो गई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक का घर बिहार में बताया जा रहा है। वह लंबे समय से इटाभट्टा में मैनेजर के रूप में कार्यरत थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि शव की स्थिति को देखकर यह आत्महत्या जैसा नहीं लग रहा था, बल्कि किसी आपराधिक घटना की ओर संकेत कर रहा था।
सूत्रों के मुताबिक घटनास्थल से पुलिस ने AS-02-AP-3571 नंबर की एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है। इससे यह सवाल खड़ा होता है कि बीरेंद्र सिंह इस घने जंगल में पहुंचे कैसे? क्या उन्हें किसी बहाने से यहां बुलाया गया, या वे किसी व्यक्ति से मिलने आए थे?
नगांव पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस डायरी के अनुसार, मृतक के फोन रिकॉर्ड, इटाभट्टा कर्मचारियों से पूछताछ और घटनास्थल के आसपास की परिस्थितियों की बारीकी से जांच की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह हत्या है या आत्महत्या, लेकिन घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए हत्या की संभावना को नकारा नहीं जा सकता।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस क्षेत्र में बीते समय से असामाजिक तत्वों की गतिविधियां बढ़ी हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों पर अधिक स्पष्टता मिलेगी। इस घटना ने इटापारा और आसपास के क्षेत्रों में दहशत और बेचैनी का माहौल पैदा कर दिया है।



