जुबिन के 53वें जन्मदिन पर असम में 53 रक्तदान शिविर आयोजित करेगा राजस्थान फाउंडेशन व मारवाड़ी युवा मंच

ओपी शर्मा
गुवाहाटी 16 नवंबर 2025/असम.समाचार
प्रसिद्ध गायक जुबिन दा के 53वें जन्मदिन के अवसर पर राजस्थान फाउंडेशन और पूर्वोत्तर मारवाड़ी युवा मंच, असम ने एक अनूठी और प्रेरणादायी पहल की घोषणा की है। जानकारी के मुताबिक 18 नवंबर के विशेष दिन को समाजसेवा को समर्पित करते हुए पूरे असम में 53 विभिन्न स्थानों पर रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे।

आयोजकों ने बताया कि यह कार्यक्रम केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि जुबिन दा की मानवीय सोच, सामाजिक प्रतिबद्धता और सेवा भावना को सच्ची श्रद्धांजलि है। रक्तदान शिविरों के माध्यम से पूरे प्रदेश में जन-जागरूकता फैलाने और अधिक से अधिक लोगों को समाजहित में योगदान के लिए प्रेरित करने का लक्ष्य रखा गया है।
संगठनों ने समाज के हर वर्ग से अपील की है कि वे आगे आकर इस नेक पहल में अपना समय और रक्त दोनों का योगदान दें। आयोजकों का कहना है कि किसी भी जरूरतमंद को जीवन देने से बड़ा उपहार कोई नहीं, और यही एक सच्ची श्रद्धांजलि होगी जुबिन दा के प्रति।
जन-भागीदारी को बढ़ावा देकर असम को सकारात्मक संदेश देने और रक्तदान को एक जन-आंदोलन का रूप देने की दिशा में यह प्रयास महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आयोजकों ने उम्मीद जताई कि जनता का सहयोग इस कार्यक्रम को सफल और ऐतिहासिक बनाएगा।




