नगांव प्रेस क्लब का मध्याकालिन अधिवेशन सम्पन्न
जनसंपर्क का पाठ्यक्रम करने मात्र से पत्रकारिता में सफलता नहीं मिल सकती — प्रकाश महंत

रिपोर्ट: जयप्रकाश सिंह: नगांव
नगांव, 2 नवम्बर 2025/असम.समाचार
नगांव प्रेस क्लब का 2025 का मध्याकालिन अधिवेशन आज गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। क्लब के अध्यक्ष जितेन बरकटकी की अध्यक्षता में आयोजित इस अधिवेशन का उद्घाटन डॉ. अबु हनीफा सभागार में हुआ।
खुले सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में नगांव-बटद्रोवा विधानसभा क्षेत्र के विधायक रूपक शर्मा उपस्थित रहे। उन्होंने नगांव प्रेस क्लब की स्थापना काल की स्मृतियों को साझा करते हुए कहा कि नगांव के पत्रकार सामाजिक दायित्वों के निर्वहन में सदैव अग्रणी रहे हैं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया और पोर्टल पत्रकारिता के इस दौर में पारंपरिक मीडिया के सामने नई चुनौतियां खड़ी हो गई हैं।
विशिष्ट अतिथि और वरिष्ठ पत्रकार प्रकाश महंत ने अपने संबोधन में कहा कि आज पत्रकारों की संख्या तो बढ़ी है, पर पत्रकारिता की गुणवत्ता में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। उन्होंने स्पष्ट कहा “केवल जनसंपर्क का पाठ्यक्रम करने से कोई सफल पत्रकार नहीं बन सकता। इसके लिए व्यवहारिक ज्ञान, संवेदनशीलता और अनुभव आवश्यक है।”
महंत ने कहा कि पत्रकारिता में नाम और शोहरत से अधिक महत्वपूर्ण जनता का विश्वास है। “गाड़ी, आलीशान जीवन या इमारतें पत्रकार की पहचान नहीं होतीं, बल्कि सच्चा पत्रकार वही है जिसे जनता याद रखे,” उन्होंने कहा।
वरिष्ठ पत्रकार परागमणि आदित्य ने बदलते समय और तकनीक के साथ पत्रकारिता के रूपांतरण पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के इस युग में पारंपरिक पत्रकारों को तथ्यपरक और खोजपरक रिपोर्टिंग पर अधिक ध्यान देना चाहिए।
वरिष्ठ पत्रकार गुरमाइल सिंह ने पत्रकारों से एकजुट होकर अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कई बार परिस्थितियां स्वतंत्र पत्रकारिता के लिए कठिन बन जाती हैं, ऐसे में एकता ही शक्ति है।
सभा का उद्देश्य व्याख्या क्लब के सचिव नीलोत्पल बोरा ने की।
अधिवेशन में वरिष्ठ पत्रकार अजित कुमार सैकिया और भास्कर ज्योति मेधी को प्रेस क्लब द्वारा परंपरानुसार सम्मानित किया गया। साथ ही वरिष्ठ पत्रकार हेमन कुमार दास की पुत्री श्रुतिधारा शिवांगी और वरिष्ठ पत्रकार बैद्यनाथ साहनी के पुत्र अंकित साहनी को उच्च माध्यमिक परीक्षा में उत्कृष्ट सफलता के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत महान कलाकार जुबिन गर्ग की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन और श्रद्धांजलि अर्पण से हुई। सुबह प्रेस क्लब के अध्यक्ष जितेन बरकटकी ने ध्वजारोहण किया, जबकि वरिष्ठ पत्रकार गुरमाइल सिंह ने स्मृति तरपण किया। दोपहर में आयोजित पत्रकारों की साधारण सभा में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए।




