धर्म और आस्थालेटेस्ट खबरें

खाटू में बाबा श्याम का जन्मोत्सव: दिवाली सा जगमगाया नगर, लाखों श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

राष्ट्रीय डेस्क

सीकर, 1 नवम्बर 2025/असम.समाचार

देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर शनिवार को खाटू नरेश की नगरी में बाबा श्याम का जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। शुक्रवार रात से ही खाटू नगरी में मेले जैसा उत्सवमय माहौल रहा। रात करीब दो घंटे तक आसमान पटाखों की गूंज और रोशनी से जगमगाता रहा।

श्रद्धालुओं का उत्साह देखने लायक था। दावा किया जा रहा है कि दो दिनों में करीब 20 लाख भक्त बाबा श्याम के दर्शन करने खाटू पहुंचेंगे। हर साल की तरह इस बार भी जन्मोत्सव की तैयारियां कई महीने पहले ही शुरू कर दी गई थीं। अनुमान है कि इस बार पिछले वर्ष की तुलना में दो से तीन लाख अधिक श्रद्धालु पहुंचे हैं।

भक्तों का आगमन न केवल राजस्थान बल्कि उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, दिल्ली, महाराष्ट्र सहित देश के कई राज्यों से हुआ है। वहीं अमेरिका, इंग्लैंड और सिंगापुर से भी एनआरआई भक्त बाबा के दर्शन हेतु आए हैं।

शुक्रवार रात हुई भव्य आतिशबाजी के दौरान तोरण द्वार से लेकर बाबा श्याम मंदिर तक लाखों की संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

10 से 15 किलोमीटर पैदल चलकर कर रहे दर्शन
रींगस से खाटूश्यामजी तक लगभग 17 किलोमीटर लंबी सड़क को प्रशासन ने नो-व्हीकल जोन घोषित किया है। श्रद्धालुओं को मेला डायवर्जन, पुराना पावर हाउस, लामियां तिराहा, लखदातार ग्राउंड, 75 फीट ग्राउंड होते हुए मंदिर की ओर भेजा जा रहा है।

मेला डायवर्जन से आने वाले पदयात्री लगभग 10 किलोमीटर पैदल चलकर बाबा के दर्शन कर रहे हैं। भीड़ बढ़ने की स्थिति में चारण मैदान मार्ग भी खोला जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को 15 किलोमीटर तक पैदल सफर तय करना होगा।

खाटू नगरी इन दिनों भक्ति, रोशनी और उल्लास से सराबोर है,हर ओर “जय श्याम” के जयकारों से वातावरण गूंज रहा है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!