नगांव में वीर लाचित सेना के नेता गिरफ्तार
असम पुलिस ने चंदा उगाही और अन्य अनैतिक गतिविधियों में लिप्त संगठन वीर लाचित सेना के खिलाफ कड़ा अभियान छेड़ दिया है। मुख्यमंत्री द्वारा संगठन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश के बाद से राज्यभर में पुलिस की दबिश तेज हो गई है।

रिपोर्ट : जयप्रकाश सिंह, नगांव
नगांव 30 अक्टूबर 2025/असम.समाचार
असम पुलिस ने चंदा उगाही और अन्य अनैतिक गतिविधियों में लिप्त संगठन वीर लाचित सेना के खिलाफ कड़ा अभियान छेड़ दिया है। मुख्यमंत्री द्वारा संगठन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश के बाद से राज्यभर में पुलिस की दबिश तेज हो गई है।
नगांव में भी इसी क्रम में बीती रात पुलिस ने वीर लाचित सेना के दो शीर्ष पदाधिकारियों को गिरफ्तार किया। नगांव सदर थाना की टीम ने संगठन के जिला उपाध्यक्ष कामार नाजमान (निवासी–फौजदारीपट्टी, नगांव) और जिला सचिव त्रैलोक्य सैकिया (निवासी–मरिकलंग बोरघाट) को हिरासत में लिया है।
इसी बीच, सामगुरी थाना पुलिस ने वीर लाचित सेना की कलियाबर आंचलिक समिति के अध्यक्ष दीपज्योति फुकन, सदस्य प्रांजल दास और रूपटी बोरा को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धाराएं 61(2), 126(2), 117(2), 140(3), 304(2), 308(4) के तहत 240/25 नंबर का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों पर अवैध रूप से धन उगाही करने और गाय व्यापारियों से पैसे मांगने के गंभीर आरोप हैं। बताया जा रहा है कि हाल ही में इन लोगों ने रंगागढ़ अंचल में एक गाय से लदे वाहन के चालक से जबरन धन की मांग की थी।
स्थानीय लोगों द्वारा लगातार शिकायतें मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए यह गिरफ्तारी अभियान चलाया। अधिकारियों का कहना है कि संगठन के अन्य सदस्यों की भी तलाश जारी है और जल्द ही और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।





