धुबरी में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जा रहा छठ महापर्व, लाखों श्रद्धालुओं ने दिया डूबते सूर्य को अर्घ्य
धुबरी जिला प्रशासन, म्युनिसिपल बोर्ड तथा विभिन्न पूजा समितियों का सराहनीय सहयोग देखने को मिला। सुरक्षा, स्वच्छता और व्यवस्था की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और समितियों ने मिलकर संभाली।

राजा शर्मा
धुबरी, 27 अक्टूबर 2025/असम.समाचार
पूरे देश के साथ-साथ असम के धुबरी में भी लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। धुबरी शहर के आठ घाटों पर व्रतधारियों ने भगवान भास्कर को डूबते हुए सूर्य का अर्घ्य अर्पित किया।
पांचू घाट सहित सभी घाटों पर लाखों की संख्या में श्रद्धालु एकत्र हुए और विधिवत पूजा-अर्चना की। व्रतधारियों ने फल, फूल, ठेकुआ, दूध और जल से सूर्यदेव की उपासना की तथा अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर धुबरी जिला प्रशासन, म्युनिसिपल बोर्ड तथा विभिन्न पूजा समितियों का सराहनीय सहयोग देखने को मिला। सुरक्षा, स्वच्छता और व्यवस्था की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और समितियों ने मिलकर संभाली।
कल प्रातः उगते हुए सूर्य को अर्घ्य अर्पण के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का विधिवत समापन होगा।





