बोडोलैंड में नई कार्यकारी परिषद का गठन, पहली बार दो महिलाओं को मिली जगह

कनक चंद्र बोरो
कोकराझार, 14 अक्टूबर 2025/असम.समाचार
बोडोलैंड टेरिटोरियल काउंसिल की 5वीं कार्यकारी परिषद के 12 नए कार्यकारी सदस्यों ने आज कोकराझार स्थित बीटीसी विधान सभा भवन में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।
(असम.समाचार)डिजिटल
राज्यपाल की औपचारिक स्वीकृति के बाद शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया, जहां असम सरकार के अतिरिक्त मुख्य सचिव मुकेश कुमार साहू ने सदस्यों को शपथ दिलाई।
इस अवसर पर एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए, बीटीसी की कार्यकारी परिषद में पहली बार दो महिला सदस्यों को शामिल किया गया है, जिससे बोडोलैंड क्षेत्र में समावेशी शासन की दिशा में एक नई शुरुआत हुई है।
नव नियुक्त 12 कार्यकारी सदस्यों को निम्नलिखित विभागों का दायित्व सौंपा गया है —
1. मृण्युंजय नार्जरी – परिवहन
2. मुनमुन ब्रह्मा – नगर विकास
3. रबीराम नार्जरी – शिक्षा
4. देरहासात बसुमातारी – स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण
5. प्रकाश बसुमातारी – समाज कल्याण
6. पनिराम ब्रह्मा – वन एवं वन्यजीव
7. धीरज बोर्गोयारी – मृदा संरक्षण एवं विधि माप विज्ञान
8. बेगम अख्तारा अहमद – लोक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी (PHE)
9. अगस्टिस तिग्गा – पशुपालन एवं पशु चिकित्सा
10. गणेश कचारी – सिंचाई
11. लूमश्राओ दैमरी – भूमि राजस्व एवं आपदा प्रबंधन
12. फ्रेश मुशाहारी – जल संसाधन
शपथ ग्रहण समारोह में बीटीसी प्रमुख हग्रामा मोहिलारी, असम के कैबिनेट मंत्री जयंत मल्ला बरुआ, बीटीसी विधानसभा अध्यक्ष त्रिदीप दैमरी और उप प्रमुख कार्यकारी सदस्य रिहोन दैमरी उपस्थित रहे।
हाल ही में संपन्न हुए बीटीसी चुनावों में बोडोलैंड पीपल्स फ्रंट ने 28 सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत हासिल किया था, जिसके बाद पार्टी ने स्वतंत्र रूप से सरकार का गठन किया।

नई कार्यकारी परिषद के गठन से बोडोलैंड टेरिटोरियल रीजन में शासन और विकास की गति को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
रबीराम नार्जरी, कार्यकारी सदस्य, बीटीसी ने कहा कि“नई परिषद क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।”




