नगांव : बिना लाइसेंस और सर्टिफिकेट के चल रहे इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप को प्रशासन ने किया सील

विकास शर्मा
नगांव 4 अक्टूबर 2025/असम.समाचार
जिला प्रशासन ने शनिवार को उरियागांव स्थित इंडियन ऑयल के एक पेट्रोल पंप को नियमों का उल्लंघन करने पर सील कर दिया। उपायुक्त देबाशीष शर्मा के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
उपायुक्त शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि संबंधित पेट्रोल पंप बिना ट्रेड लाइसेंस और कैलिब्रेशन सर्टिफिकेट के अवैध रूप से संचालित किया जा रहा था। उन्होंने कहा, “जनता जितना पैसा देती है, उन्हें उतने ही तेल की मात्रा मिलनी चाहिए। कई पंप मालिक सरकार के नियमों को नजरअंदाज कर बेधड़क तरीके से पंप चला रहे हैं, ऐसे में सख्त कार्रवाई अनिवार्य है।”
उन्होंने बताया कि जांच में पाया गया कि पेट्रोल पंप का मालिक शिलांग निवासी है और एक अन्य महिला साझेदार यहां रहती भी नहीं हैं, जो अपने आप में आश्चर्यजनक है। प्रशासन ने पंप से संबंधित सभी कागजी दस्तावेज तलब कर लिए हैं और जांच की प्रक्रिया जारी है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में नियमों के पालन को लेकर सख्ती बढ़ेगी और उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा होगी।




