असमतीसरी आंखलेटेस्ट खबरेंहादसा

गुवाहाटी के लखटकिया में भीषण आग, करोड़ों की संपत्ति जलकर राख ,एक की मौत, चार घायल

ओपी शर्मा

गुवाहाटी 3 अक्टूबर 2025/असम.समाचार

शहर के व्यस्ततम क्षेत्र फैंसी बाजार के निकट लखटकिया इलाके में शुक्रवार सुबह लगी भीषण आग से अफरातफरी मच गई। आग एलआईसी बिल्डिंग के पास एस.एस. रोड स्थित साइबर मार्ट क्षेत्र में लगी, जिसमें करोड़ों रुपये की संपत्ति के जलने का अनुमान लगाया जा रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग सुबह के समय अचानक भड़क उठी और देखते ही देखते कई दुकानों और प्रतिष्ठानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की चपेट में आने से एक व्यक्ति की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग झुलसने और धुएं के कारण घायल हो गए। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दमकल विभाग की कई गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घनी आबादी और संकरी गलियों के कारण आग बुझाने के कार्य में अग्निशमन कर्मियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और दमकल विभाग ने घटना की जांच शुरू कर दी है। वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन से आगजनी की ऐसी घटनाओं से निपटने के लिए पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

शहर के सबसे व्यस्त व्यावसायिक इलाकों में से एक लखटकिया में लगी इस आग से व्यापारी वर्ग में दहशत और चिंता का माहौल है।

वीडियो और फोटो सोर्स- थर्ड पार्टी

 

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!