असम ने नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल के आयोजकों पर राज्य में कार्यक्रम आयोजित करने पर लगाया प्रतिबंध

गुवाहाटी, 25 सितंबर 2025/असम.समाचार
असम सरकार ने नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल के मुख्य आयोजक श्यामकनु महंत पर प्रदेश में किसी भी प्रकार का समारोह या सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने पर प्रतिबंध लगा दिया है। मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बुधवार को इसकी जानकारी देते हुए कहा कि राज्य सरकार ने यह निर्णय जनभावनाओं और हाल के घटनाक्रमों को ध्यान में रखते हुए लिया है।
उल्लेखनीय है कि असम के लोकप्रिय दिवंगत गायक जुबीन गर्ग अपनी मृत्यु से पूर्व इसी महोत्सव में शामिल होने के लिए सिंगापुर गए थे। उनके निधन के बाद इस आयोजन को लेकर विभिन्न वर्गों में नाराज़गी और विरोध के स्वर उभर रहे थे।
सरकार ने फिलहाल यह स्पष्ट नहीं किया है कि यह प्रतिबंध अस्थायी है या स्थायी, लेकिन सूत्रों के अनुसार राज्य प्रशासन इस पूरे मामले की गहन समीक्षा कर रहा है।
ब्यूरो रिपोर्ट




