ज़ुबिन गर्ग की मौत पर सख़्त रुख़, एसआईटी करेगी जांच, विसरा जाएगा दिल्ली लैब

ओपी शर्मा
गुवाहाटी 24 सितंबर 2025/असम.समाचार
असम के लोकप्रिय गायक ज़ुबिन गर्ग के असमय निधन के मामले में सरकार ने कड़ा रुख़ अपनाया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा है कि “हम किसी को बख्शेंगे नहीं।” बुधवार को मुख्यमंत्री ने डीजीपी असम पुलिस, एडीजीपी सीआईडी, मुख्य सचिव और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। उन्होंने डीजीपी को निर्देश दिया है कि असम पुलिस के सर्वश्रेष्ठ अधिकारियों की एक विशेष जांच टीम (एसआइटी) गठित की जाए, जो मामले की हर पहलू से पेशेवर और निष्पक्ष जांच करे।

सरकार ने यह भी निर्णय लिया है कि ज़ुबिन गर्ग के विसरा सैंपल को दिल्ली स्थित केंद्रीय फॉरेंसिक प्रयोगशाला (सीएफएल) भेजा जाएगा ताकि विस्तृत जांच की जा सके।

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद असम पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आईपीएस अधिकारी एम.पी. गुप्ता के नेतृत्व में एसआईटी का गठन कर दिया है। यह टीम ज़ुबिन गर्ग की मृत्यु के हालातों और उससे जुड़े सभी तथ्यों की गहराई से जांच करेगी।




