
ओपी शर्मा
बरपेटा रोड, 16 सितम्बर 2025/असम.समाचार
जेसीआई बरपेटा रोड द्वारा आयोजित जेसीआई सप्ताह का सातवाँ और अंतिम दिन उल्लास, सौहार्द और आत्मीयता के रंगों से सराबोर रहा। यह दिन संगठन के सदस्यों के लिए अविस्मरणीय सहभोज एवं मिलन समारोह के रूप में जेसी स्विटी सराफ के आवास पर मनाया गया।
बैठक का शुभारंभ अध्यक्ष जेसी राधिका मोर ने सभी सदस्यों का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए किया। उन्होंने पूरे सप्ताह के सफल आयोजन में योगदान देने वाले प्रत्येक सदस्य की सराहना की और जेसीआई परिवार की ऊर्जा एवं एकता की विशेष प्रशंसा की। इस दौरान सामाजिक कार्यों की समीक्षा और भविष्य की योजनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम का अगला चरण मनोरंजन से भरपूर रहा, जिसमें सदस्याओं ने संगीत, नृत्य और अन्य प्रस्तुतियों से वातावरण को उल्लासमय बना दिया। संध्या का समापन सौहार्द सभा एवं कृतज्ञता अभिव्यक्ति के साथ हुआ।
इस अवसर पर जेसी स्नेहा खेमका, जेसी ममता बांठीया, जेसी पिंकी सराफ, जेसी आयुषी केडिया, जेसी ऋतिका चौधरी और जेसी स्वीटी सराफ ने भावपूर्ण शब्दों में जेसीआई परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया। सप्ताहभर के आयोजन की संयोजक जेसी स्वाति पटवारी के समर्पण और मेहनत की विशेष प्रशंसा की गई।
अंत में सचिव जेसी आयुषी केडिया ने सभी सदस्यों और सहयोगियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
संपूर्ण सप्ताह सेवा, शिक्षा और उत्सव की मधुर स्मृतियों से परिपूर्ण रहा और अंतिम दिन ने मित्रता, एकता और पारिवारिक संबंधों को सुदृढ़ करने का संदेश दिया।




