नगांव में 17 हज़ार छात्र-छात्राओं ने मिलकर गाया “मानुहे मानुहोर बाबे”, बना इंडियन बुक ऑफ रिकॉर्ड्स

डिंपल शर्मा
नगांव, 10 सितम्बर 2025/असम.समाचार
संगीत सम्राट भारतरत्न डॉ. भूपेन हजारिका की जन्म शताब्दी वर्ष को स्मरणीय बनाने के उद्देश्य से नगांव जिला प्रशासन के पहल पर आज नगांव जिला क्रीड़ा संघ का नुरुल अमीन स्टेडियम एक ऐतिहासिक क्षण का गवाह बना।

ज़िले के 63 शैक्षणिक संस्थान – विश्वविद्यालय, महाविद्यालय और विद्यालय से लगभग 17,000 छात्र-छात्राओं ने मिलकर सुदाकंठ की अमर रचना”मानुहे मानुहोर बाबे ” गीत को सामूहिक रूप से प्रस्तुत किया। तालियों की गूंज और अनुशासित प्रस्तुति ने पूरे स्टेडियम में अद्वितीय माहौल बना दिया।

कार्यक्रम का संचालन कृष्ण किंकर खटनियार और प्रज्ञा पारमिता ने किया। जिला आयुक्त देवाशीष शर्मा, भा.प्र.से. ने स्वागत भाषण देते हुए इस ऐतिहासिक क्षण की महत्ता पर प्रकाश डाला। मौके पर नगांव-बटद्रबा विधायक रूपक शर्मा और रोहा विधायक शशि कांत दास भी मौजूद रहे। उन्होंने अपने संबोधन में भूपेन हजारिका के गीतों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के इस प्रयास की सराहना की और समाज को कलाकार की युगानुरूप रचनाओं को विश्व पटल पर स्थापित करने की अपील की।

इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स की कोलकाता स्थित टीम, निर्णायक सुनीता केडिया के नेतृत्व में, पूरे आयोजन का निरीक्षण कर प्रमाण पत्र जिला आयुक्त के हाथों सौंपा। इस प्रकार नगांव के इस सामूहिक गायन ने इंडियन बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में अपना स्थान सुनिश्चित किया।
इस भव्य कार्यक्रम को राज्य के प्रसिद्ध साउंड इंजीनियर दिगंत शर्मा के मार्गदर्शन में संपन्न किया गया।
कार्यक्रम में नगांव विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. हितेश डेेका, पुलिस अधीक्षक स्वप्ननील डेेका, कलीयाबोर के सम आयुक्त राज बोरुआ, नगर विकास प्राधिकरण अध्यक्ष ध्रुवज्योति शर्मा, नगर पालिका उपाध्यक्ष सीमांत बोरा़, प्रसिद्ध अभिनेत्री बीना बरुआ सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, शिक्षक-शिक्षिकाएं और स्थानीय जनता उपस्थित रही।
नगांव जिला प्रशासन ने इस सफलता के लिए सभी छात्रों, शिक्षकों, विभागीय अधिकारियों, स्वयंसेवी संगठनों, व्यावसायिक संस्थाओं और आम जनता का आभार प्रकट किया।



