डॉ. भूपेन हजारिका की जन्मशताब्दी का दिल्ली में भव्य शुभारंभ

विकास शर्मा
नई दिल्ली, 8 सितम्बर 2025/असम.समाचार
भारत रत्न और महान संगीतकार डॉ. भूपेन हजारिका की जन्मशताब्दी वर्ष भर चलने वाले समारोह का आगाज सोमवार को दिल्ली में हुआ। असम हाउस परिसर में आयोजित इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम में कई गणमान्य हस्तियों ने पुष्पांजलि अर्पित कर इस महान गायक को याद किया।

इस अवसर पर केन्द्रीय बंदरगाह, नौवहन एवं जलमार्ग मंत्री सर्वानंद सोनोवाल, विदेश राज्य मंत्री पबित्र मार्घेरिटा, सांसद भुवनेश्वर कलिता, दिलीप सैकिया, कमाख्या प्रसाद तासा, बिजुली कलिता मेधी, रामेश्वर तेली, परिमल शुक्लवैद्य, कनाड पुरकायस्थ और अमर सिंह तिस्सो समेत कई विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सोनोवाल ने कहा कि “डॉ. भूपेन हजारिका ने अपनी गायकी के माध्यम से असम, पूर्वोत्तर और भारत की संस्कृति को वैश्विक मंच तक पहुंचाया।”
विदेश राज्य मंत्री पबित्र मार्घेरिटा ने कहा कि “ब्रहमपुत्र के इस गायक की रचनाएं आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देती रहेंगी।” वहीं भाजपा असम प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने डॉ. हजारिका के जीवन, योगदान और उनके जनसरोकारों को याद करते हुए वर्तमान पीढ़ी को उनसे प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान एक संगीतमय प्रस्तुति भी आयोजित की गई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी शनिवार को असम के दौरे पर गुवाहाटी में आयोजित मुख्य समारोह में शामिल होंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री 100 रुपये का स्मारक सिक्का जारी करेंगे और खानापाड़ा में आयोजित भव्य कार्यक्रम में 1,000 कलाकारों द्वारा डॉ. हजारिका के 14 अमर गीतों की प्रस्तुति दी जाएगी।
असम सरकार ने आगामी 12 महीनों तक देशभर में जन्मशताब्दी समारोह मनाने की रूपरेखा तैयार की है। कार्यक्रम अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, मुंबई, कोलकाता और दिल्ली समेत उन सभी स्थानों पर होंगे जहां डॉ. हजारिका ने अपने जीवनकाल में योगदान दिया।
भारत रत्न सम्मान से विभूषित डॉ. भूपेन हजारिका का निधन 5 नवम्बर 2011 को 85 वर्ष की आयु में हुआ था।



