डोटमा से नामांकन दाखिल करते हुए यूपीपीएल प्रमुख प्रमोद बोरो खाम्पा बोरगोयारी भी मैदान में

कनक बोरो
कोकराझार, 2 सितंबर 2025/असम.समाचार
बोडोलैंड टेरिटोरियल काउंसिल (BTC) चुनाव के लिए मंगलवार को यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल (UPPL) के अध्यक्ष एवं मौजूदा मुख्य कार्यकारी सदस्य (CEM) प्रमोद बोरो ने डोटमा सीट से अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन रैली में हजारों समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ी। इस दौरान असम के कैबिनेट मंत्री यूजी ब्रह्मा भी मौजूद रहे और पार्टी प्रमुख के साथ शक्ति प्रदर्शन किया।
इसी कड़ी में वरिष्ठ यूपीपीएल नेता खाम्पा बोरगोयारी ने भी देबोर्गांव सीट से नामांकन दाखिल किया। पार्टी का मानना है कि इन दोनों नेताओं के नामांकन से प्रमुख क्षेत्रों में संगठन की पकड़ और मजबूत होगी।
गौरतलब है कि प्रमोद बोरों ने सोमवार को तामुलपुर के गोइबारी सीट से भी नामांकन दाखिल किया था। यह उनका दूसरा नामांकन है, जो पार्टी की रणनीतिक तैयारी और क्षेत्र में उनकी मजबूत पकड़ को दर्शाता है।
मीडिया से बातचीत में प्रमोद बोरों ने कहा,
“बोडोलैंड की जनता ने यूपीपीएल के विकास और सुशासन को देखा है। मुझे पूरा विश्वास है कि इस बार यूपीपीएल स्पष्ट बहुमत के साथ फिर से बीटीसी की सरकार बनाएगी।”
जैसे-जैसे नामांकन प्रक्रिया तेज हो रही है, बीटीसी चुनावी मुकाबला प्रमुख क्षेत्रीय दलों के बीच एक हाई-वोल्टेज जंग का रूप लेता जा रहा है, खासकर सत्तारूढ़ यूपीपीएल और उसके पूर्व सहयोगियों व प्रतिद्वंद्वियों के बीच।



